1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जोगी ने की नई पार्टी बनाने की घोषणा, नाम और चुनाव चिन्ह जल्द

जोगी ने की नई पार्टी बनाने की घोषणा, नाम और चुनाव चिन्ह जल्द

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 06, 2016 11:09 pm IST,  Updated : Jun 06, 2016 11:09 pm IST

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने सोमवार को राज्य में एक नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी। राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अजीत जोगी ने अपने बेटे अमित जोगी के विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर के मरवाही में नई पार्टी के गठन की घोषणा कर दी।

Ajit Jogi
- India TV Hindi
Ajit Jogi

मरवाही बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने सोमवार को राज्य में एक नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी। राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अजीत जोगी ने अपने बेटे अमित जोगी के विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर के मरवाही में नई पार्टी के गठन की घोषणा कर दी। जोगी ने एक घोषणापत्र भी जारी किया जिसमें उन्होंने वर्ष 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आने बढ़ने की बात कही है।

इस महीने की दो तारीख को जोगी ने राज्य में नई पार्टी का गठन करने का संकेत दिया था और इसके लिए आज तक इंतजार करने की बात कही थी। सोमवार को उन्होंने मरवाही में लगभग 10 हजार की संख्या में आए लोगों के सामने नई पार्टी के गठन की घोषणा की। मरवाही विधानसभा क्षेत्र के कोटमी गांव में सभा के दौरान जोगी ने कोटमी घोषणापत्र जारी किया। घोषणा पत्र के मुताबिक राज्य के कोने कोने से पहुंचे छत्तीसगढ़ के शुभचिंतकों की सर्वसम्मिति और मरवाही विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठजनों के आशीर्वाद से नए दल का गठन करने का निर्णय लिया है।

घोषणापत्र के मुताबिक नया दल छत्तीसगढ़ का अपना दल होगा। अब अपनी किस्मत की बागडोर छत्तीसगढ़ के लोग अपने हाथ में लेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के फैसले छत्तीसगढ़ में ही लिए जाएंगे। घोषणा पत्र के मुताबिक नए राजनैतिक दल का मूलमंत्र सर्ववर्ग हिताय, सर्वधर्म सुखाय होगा। नया दल राज्य में किसान और मजदूरों को गरीबी से आजादी, युवाओं को बेकारी से आजादी, महिलाओं को अत्याचार से आजादी, व्यापारियों को सभी प्रकार के करों और लालफीताशाही से आजादी, आम जनता को महंगाई और भ्रष्टाचार से आजादी के लिए काम करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत