नई दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IPS) अधिकारी आलोक कुमार वर्मा को गुरुवार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। उपराज्यपाल नजीब जंग ने इसकी घोषणा की। वर्तमान आयुक्त बी.एस. बस्सी के 29 फरवरी को सेवानिवृत्त होने के बाद वर्मा अपना पदभार संभालेंगे। जंग के कार्यालय द्वारा जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई।
आपको बता दें कि बीएस बस्सी 29 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं जिनकी जगह 1979 बैच के सीनियर आपीएस आलोक वर्मा लेंगे। आलोक वर्मा तिहाड़ जेल के डीजी रह चुके हैं। वर्मा कारागर से जुड़ी तमाम समस्याओं को सुधारने के लिए चर्चा में रहे हैं। आलोक वर्मा साल 2012 में हुए दिल्ली गैंगरेप मामले में भी चर्चा में रहे हैं।
आलोक वर्मा ऐसे वक्त में प्रभार संभालेंगे जब दिल्ली पुलिस जेएनयू विवाद से निपटने को लेकर गंभीर आलोचना का सामना कर रही है। पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में सोमवार को हुई हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में कथित तौर पर धीमी गति से आगे बढ़ने को लेकर भी बस्सी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
नए पुलिस आयुक्त को अरविंद केजरीवाल सरकार से निपटना होगा क्योंकि साल भर पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के सत्ता में आने के बाद से दिल्ली पुलिस का उससे असहज संबंध रहा है।