नई दिल्ली: दिल्ली के बस यात्रियों को जल्द ही एक एप्प उपलब्ध होगा जिससे उन्हें डीटीसी बसों के आवागमन के सटीक समय, स्थिति और सीट की उपलब्धता के बारे में जानकारी हासिल होगी। इसके माध्यम से ऑटो रिक्शा भी बुक किया जा सकता है।
यह एप्प दिल्ली सरकार के सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार के लिए उठाये गए अन्य कदमों में से एक है जिसमें बस, मेट्रो और ऑटो रिक्शा सेवाएं शामिल हैं।
दिल्ली परिवहन निगम द्वारा चलाई जाने वाली करीब 6000 बसों में लगभग 40 लाख लोग यात्रा करते हैं और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि बस सेवा को बेहतर बनाने के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम रही है।
उपमुख्यमंत्री ने पीटीआई-भाषा को बताया कि शहर को भीड़-भाड़ और प्रदुषण से मुक्त बनाने के लिए हमें सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बेहतर बनाना होगा। इसको ध्यान में रखते हुए हमने एक मोबाइल एप्लीकेशन विकसित किया है जिससे यात्रियों को दिल्ली में चलने वाली डीटीसी और कलस्टर बसों की स्थिति, सीट उपलब्धता और आवागमन के समय के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार ने 10000 बसों की खरीद का फैसला किया है और उसमें से कुछ की खरीद सार्वजनिक निजी भागीदारी के माध्यम से की जाएगी।