1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. NCB ने किया विदेशी नागरिकों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, जल्द शुरू होने जा रहा है ऑपरेशन 'त्रिनेत्र'

NCB ने किया विदेशी नागरिकों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, जल्द शुरू होने जा रहा है ऑपरेशन 'त्रिनेत्र'

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 18, 2026 08:56 pm IST,  Updated : Aug 18, 2026 09:13 pm IST

NCB ने गैर-कानूनी रूप से तय समय से ज़्यादा समय तक रहने वाले विदेशी नागरिकों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बता दें कि NCB ने ऐसे विदेशियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के लिए सितंबर 2026 में पूरे देश में 'त्रिनेत्र' अभियान चलाने की योजना बनाई है।

delhi ncb raid drugs seized- India TV Hindi
दिल्ली में ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद। Image Source : REPORTER

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी NCB ने विदेशी नागरिकों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। NCB ने इस मामले में 14.787 किलो एम्फेटामाइन, 67.840 किलो स्यूडोएफेड्रिन, 318 ग्राम कोकीन और 6 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद ड्रग्स की कुल कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, UP STF की खुफिया जानकारी पर NCB और UP STF ने 18 जुलाई 2026 को दिल्ली के राजू पार्क, खानपुर में ज्वाइंट ऑपरेशन किया। ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत  5.087 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुआ और नाइजीरियाई नागरिक ओबासे प्रोस्पर ओगबोरोन्जोर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी जून 2023 में मेडिकल वीजा खत्म होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहा था। आरोपी करीब 68 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड केस में UP STF का वांछित आरोपी था।

अफ्रीकी महिला ने बालकनी से छलांग लगाई

इसके बाद 21 जुलाई को गुरुग्राम के हंस एन्क्लेव में छापेमारी की गई। यहां से 9.7 किलो एम्फेटामाइन और 67.84 किलो स्यूडोएफेड्रिन बरामद हुआ और नाइजीरियाई नागरिक अबुची जॉर्ज ओकोरी गिरफ्तार हुआ। अबुची का मेडिकल अटेंडेंट वीजा जून 2015 में समाप्त हो गया था, इसके बाद भी वह भारत में अवैध रूप से रह रहा था। जांच में मिली बैकवर्ड लिंक के आधार पर दिल्ली के महरौली स्थित एक ठिकाने पर 3 अगस्त को कार्रवाई की गई। महरौली से 318 ग्राम कोकीन और 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस कार्रवाई में दो नाइजीरियाई नागरिक उचेन्ना स्टीफन न्वांको और चिकीजी जोशुआ इग्वे गिरफ्तार किए गए। दोनों आरोपी 13 साल से ज्यादा समय से भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक अफ्रीकी महिला ने भागने की कोशिश में बालकनी से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और उसकी पहचान की जा रही है।

जल्द शुरू होगा ऑपरेशन त्रिनेत्र

अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके ड्रग नेटवर्क से संबंधों की जांच के लिए NCB सितंबर 2026 के पहले सप्ताह से “ऑपरेशन त्रिनेत्र” शुरू करेगी। दो हफ्ते तक चलने वाले देशव्यापी अभियान में NCB के साथ राज्य/UT पुलिस और इमिग्रेशन अधिकारी शामिल होंगे। अभियान में विदेशी नागरिकों के वीजा और इमिग्रेशन स्टेटस की जांच, संदिग्ध गतिविधियों और ड्रग तस्करी नेटवर्क से उनके लिंक की पड़ताल की जाएगी। ड्रग तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कुछ समय पहले जानकारी आई थी कि मुंबई पुलिस ने भी बीते 4 साल में 10,866 किलोग्राम ड्रग्स जब्त किए हैं जिनकी अनुमानित कीमत 6,738 करोड़ रुपये से अधिक है।

क्या है NCB का मकसद?

NCB का फोकस सिर्फ ड्रग्स की खेप पकड़ने पर नहीं, बल्कि पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क, उसके Facilitators और सपोर्ट सिस्टम को खत्म करने पर है। NCB ने होटल, गेस्ट हाउस, मकान मालिक और रहने की अन्य सुविधा देने वालों से विदेशी नागरिकों के ठहरने से जुड़ी कानूनी जानकारी समय पर संबंधित अधिकारियों को देने की अपील/निर्देश पर जोर दिया है। NCB के मुताबिक, विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से रुकने की निगरानी सिर्फ इमिग्रेशन नियमों के लिए नहीं, बल्कि संगठित अपराध और ड्रग तस्करी को रोकने के लिए भी अहम है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस में बड़े स्तर पर IPS-DANIPS अधिकारियों के तबादले, जानें किसे कहां मिली पोस्टिंग

सरकारी आवास और गाड़ी का दिया लालच, कारोबारी ने घर तक रखवा दिया गिरवी; 2.9 करोड़ की ठगी का हुआ शिकार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।