1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सरकारी आवास और गाड़ी का दिया लालच, कारोबारी ने घर तक रखवा दिया गिरवी; 2.9 करोड़ की ठगी का हुआ शिकार

सरकारी आवास और गाड़ी का दिया लालच, कारोबारी ने घर तक रखवा दिया गिरवी; 2.9 करोड़ की ठगी का हुआ शिकार

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Amar Deep
 Published : Aug 17, 2026 05:05 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 05:05 pm IST

दिल्ली में हरियाणा के एक कारोबारी के साथ 2.9 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उसे सरकारी काउंसिल बनाकर चेयरपर्सन बनाने का झांसा दिया था। उसे सरकारी आवास और सरकारी गाड़ी का लालच दिया गया। वहीं अब पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कारोबारी से 2.9 करोड़ की हुई ठगी।- India TV Hindi
कारोबारी से 2.9 करोड़ की हुई ठगी। Image Source : PIXABAY/REPRESENTATIVE IMAGE

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर ठगी का मामला सामने आया है। यहां हरियाणा के एक कारोबारी से 2.9 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। जानकारी के मुताबिक फर्जी सरकारी काउंसिल बनाकर कारोबारी को चेयरपर्सन बनाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने खुद को केंद्र सरकार से जुड़ी पर्यावरण सुरक्षा काउंसिल में होने का दावा किया। उन्होंने चाणक्यपुरी के 5 स्टार होटल अशोका में कारोबारी का फर्जी इंटरव्यू भी कराया। इंटरव्यू में आरोपियों ने खुद को काउंसिल के अधिकारी के तौर पर पेश किया।

सरकारी गाड़ी और सरकारी आवास का दिया लालच

आरोपियों ने हरियाणा में पेड़ लगाने और रखरखाव के लिए 500 करोड़ रुपये का बजट होने का दावा किया। इसके अलावा आरोपियों ने कारोबारी को चेयरपर्सन बनने पर सरकारी गाड़ी, पुलिस सुरक्षा, वेतन और सरकारी आवास का लालच दिया। उन्होंने सरकारी टेंडरों से जुड़े फैसलों में भूमिका मिलने का भी भरोसा दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने फर्जी काउंसिल की वेबसाइट तक बना ली और इसे दिखाकर कारोबारी का भरोसा जीता। उन्होंने नियुक्ति के नाम पर कारोबारी से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई और उनसे नकद भी लिया।

पीड़ित ने घर तक गिरवी रख दिया

आरोपियों को देने के लिए पैसे जुटाने के लिए कारोबारी ने उधार लिया और अपना घर तक गिरवी रख दिया। पूरी प्रक्रिया होने के बाद में आरोपियों ने कारोबारी को फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपा। हालांकि जब कारोबारी को नियुक्ति नहीं मिली तो उसने इसे बारे में पता करना शुरू किया। जांच में पता चला कि केंद्र सरकार ने ऐसी कोई काउंसिल बनाई ही नहीं थी। उसे दिया गया नियुक्ति पत्र भी जांच में फर्जी निकला। इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद चाणक्यपुरी थाने में 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। वहीं अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ठगी के गिरोह का भंडाफोड़

इससे पहले अन्य मामले में कुछ दिन पहले पुलिस ने ठगी के एक गिरोह का भंडाभोड़ किया था। ये आरोपी चीन में बैठे साइबर ठगों को 'म्यूल' (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का काम करते थे। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गीतम सिंह (29), ध्रुव (21), अनुज शर्मा (27) और गगन यादव (26) के रूप में हुई। आरोपियों के पास से 9 बैंक पासबुक, 5 सिम कार्ड, 6 मोबाइल फोन और कमीशन के लेनदेन का एक रिकॉर्ड रजिस्टर बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर पूरे देश में बड़ी कार्रवाई, 200 से ज्यादा लोग गिरफ्तार, गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।