1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम में बाढ़ के हालात थोड़े बिगड़े, 14 हजार लोग प्रभावित

असम में बाढ़ के हालात थोड़े बिगड़े, 14 हजार लोग प्रभावित

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 11, 2020 09:25 pm IST,  Updated : Aug 11, 2020 09:25 pm IST

असम में बाढ़ के हालात मंगलवार को थोड़े बिगड़ गये और राज्य के तीन जिलों में करीब 14,000 लोग अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं। एक सरकारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी। 

असम में बाढ़ के हालात थोड़े बिगड़े, 14 हजार लोग प्रभावित - India TV Hindi
असम में बाढ़ के हालात थोड़े बिगड़े, 14 हजार लोग प्रभावित  Image Source : PTI

गुवाहाटी: असम में बाढ़ के हालात मंगलवार को थोड़े बिगड़ गये और राज्य के तीन जिलों में करीब 14,000 लोग अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं। एक सरकारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी। इससे पहले राज्य के चार जिलों में 9,200 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार धेमाजी, बकसा और मोरीगांव जिलों में बाढ़ के कारण 13,800 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 

सर्वाधिक बुरी तरह प्रभावित धेमाजी में 12,000 से अधिक लोग पीड़ित हैं जिसके बाद बकसा में 1,000 और मोरीगांव में 800 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। असम में इस साल बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 136 लोगों की जान जा चुकी है जिनमें 110 लोग बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मारे गये और 26 लोगों की मौत भूस्खलन में हो गयी। 

प्राधिकरण के अनुसार इस समय 89 गांव जलमग्न हैं और पूरे राज्य में 5,984 हेक्टेयर खेतों में खड़ी फसल तबाह हो गयी है। उसने कहा कि अधिकारी धेमाजी जिले में एक राहत शिविर और वितरण केंद्र चला रहे हैं। यहां 73 लोगों ने शरण ले रखी है। जोरहाट जिले के निमतीघाट में ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, वहीं इसकी सहायक जिया भराली सोनितपुर के एनटी रोड क्रॉसिंग में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बुलेटिन के मुताबिक बोंगईगांव, कोकराझार और बकसा जिलों में बाढ़ के कारण तटबंध, सड़कें, पुल और पुलिया आदि टूट गये हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत