गुवाहाटी: असम में बाढ़ के हालात और खराब हो गए साथ ही बाढ़ की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं लगातार हो रही बारिश के चलते 1400 से अधिक गांव में 6.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की बाढ़ की रिपोर्ट के अनुसार धुबरी जिले के बिलासिपारा राजस्व सर्कल के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दो लोग डूब गये।
इसमें कहा गया कि पिछले 24 घंटे में कोकराझाड़ में दो अन्य लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही असम में बाढ़ के कारण हुई मौतों का आंकड़ा 12 पर पहुंच गया। इनमें कोकराझाड़ में चार, लखीमपुर और धुबरी में दो-दो, बोंगईगांव, बक्सा, सोनितपुर और चिरांग प्रत्येक जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
एएसडीएमए के मुताबिक 1417 गांव में 6.55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए।
कल तक 19 जिलों के 1071 गांव में करीब 5.76 लाख लोग बाढ़ की चपेट में आ गए थे।
ASDMA के मुताबिक बोंगईगांव जिले में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं जहां करीब 1.68 लाख बाढ़ के कारण प्रभावित हुए। इसके बाद कोकराझाड़ में 1.64 लाख बाढ़ से प्रभावित हैं।