1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इंजीनियर बेटे की बलि देने के लिए तांत्रिक ने मांगी इजाजत, बिहार प्रशासन के उड़े होश

इंजीनियर बेटे की बलि देने के लिए तांत्रिक ने मांगी इजाजत, बिहार प्रशासन के उड़े होश

 Reported By: IANS
 Published : Feb 02, 2019 09:22 pm IST,  Updated : Feb 02, 2019 09:22 pm IST

बिहार के बेगूसराय में एक कथित तांत्रिक ने प्रशासन से नरबलि की अनुमति मांगी है। 'पगला बाबा' नाम से चर्चित तांत्रिक का कहना है कि उसने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को आवेदनपत्र भेजकर अपने आराध्य को खुश करने के लिए नरबलि की अनुमति मांगी है।

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में एक कथित तांत्रिक ने प्रशासन से नरबलि की अनुमति मांगी है। 'पगला बाबा' नाम से चर्चित तांत्रिक का कहना है कि उसने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को आवेदनपत्र भेजकर अपने आराध्य को खुश करने के लिए नरबलि की अनुमति मांगी है। तांत्रिक ने वीडियो भी शेयर किया है जिसमें उसने कहा है कि नरबलि देना गुनाह नहीं है। वह सबसे पहले अपने इंजीनियर बेटे को कुर्बान करेगा। तांत्रिक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

एसडीओ ने हालांकि आवेदनपत्र मिलने से इनकार किया है। बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर पहाड़पुर के रहने वाले स्वयंभू तांत्रिक (तंत्र साधक) सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने एसडीओ को भेजे आवेदन में लिखा है, "मैं मां कमाख्या देवी का वर्ष 1998 से उपासक हूं। मेरी जन्मभूमि में मां कमाख्या देवी की प्राण प्रतिष्ठा 19 मार्च, 2004 को हुई थी। अब सिद्धि प्राप्ति के लिए मां का आदेश मानवबलि का हुआ है।"

यह आवेदन अज्ञात संगठन 'बिंदु मां मानव कल्याण संस्था' के लेटरहेड पर लिखा हुआ है। गांव के लोग कथित तांत्रिक को उसके अजीबोगरीब व्यवहार के कारण उसे 'पगला बाबा' कहते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार उसे निर्वस्त्र और हाथ में नरमुंड लिए घूमते देखा गया है।

बेगूसराय (सदर) के एसडीओ संजीव कुमार चौधरी ने तांत्रिक का आवेदन मिलने से इनकार किया है। उन्होंने शनिवार को कहा, "मुझे ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। नरबलि अवैध है, गलत है। उस तांत्रिक का पता लगाकर उस पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत