1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तलवार से वार कर पत्नी को मार डाला, फिर फांसी लगाकर दी जान

तलवार से वार कर पत्नी को मार डाला, फिर फांसी लगाकर दी जान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 16, 2019 04:59 pm IST,  Updated : Jan 16, 2019 04:59 pm IST

बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तलवार से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर खुद पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली।

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

जयपुर: बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तलवार से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर खुद पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली।

पुलिस जांच अधिकारी रंजीतराम ने बुधवार को बताया कि कांकड़वाड़ा गांव के भवानीदान चारण (45) का अपनी पत्नी चंदा कंवर उर्फ चंद्रकला (42) से विवाद चल रहा था। उसी के चलते बीती रात उसने अपनी बहन के घर सो रही चंद्रकला की तलवार से वार कर हत्या कर दी। बाद में उसने खुद खेत में एक पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली।

भवानीलाल नागौर के जैतपुर का रहने वाला है। चंदा कुछ दिन पहले ही कांकड़वाला में अपने पीहर आई थी। भवानीदान भी मंगलवार को वहां आया। दोनों में पिछले कुछ समय से जमीन-जायदाद को लेकर झगड़ा था। दोनों अक्सर इसको लेकर लड़ते-झगड़ते रहते थे। बीती रात को भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। इस पर भवानीदान ने घर में सो रहे अपने ससुराल वालों के कमरों की कुंडी लगा दी और तलवार निकालकर चंदा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

भवानीदान इतने गुस्से में था कि उसने चंदा पर करीब 12 वार किए। चंदा की चीखें सुनकर आस-पास के लोग वहां आए तो भवानीदान वहां से भाग खड़ा हुआ। उसने एक किमी दूर वन विभाग के नर्सरी में एक पेड़ से लटकर फांसी लगा ली। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत