1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कानपुर में हिंसक भीड़ ने किया पथराव, फूंकी पुलिस चौकी

कानपुर में हिंसक भीड़ ने किया पथराव, फूंकी पुलिस चौकी

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 21, 2019 05:25 pm IST,  Updated : Dec 21, 2019 05:29 pm IST

परेड यतीमखाना इलाके में हिंसा पर उतारू भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। परेड यतीमखाना इलाके में एकत्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर में हुआ बवाल Image Source : PTI

कानपुर। नागरिकता कानून के खिलाफ कानपुर में हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा। शहर के कई इलाकों में शनिवार को हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। परेड यतीमखाना इलाके में हिंसा पर उतारू भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया।

परेड यतीमखाना इलाके में एकत्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पथराव में कई लोगों के घायल होने की खबर है। कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश ने बताया कि सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी और पूर्व विधायक एवं सपा नेता कमलेश दिवाकर को एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों नेताओं की गाड़ियों को भी सीज कर दिया गया है।

प्रकाश ने बताया कि भीड़ सड़कों पर है। बाबूपुरवा, नयी सड़क, मूलगंज, दलेलपुरवा, हलीम कालेज और अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में लोग सडकों और गलियों में एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि भीड़ को समझाने के लिए शहर काजी की मदद ली जा रही है।

इस बीच हिंसा में जिन दो लोगों की कल मौत हुई थी, उनके शव अभी दफन नहीं किये गये हैं। पुलिस का कहना है कि शवों को पुलिस निगरानी में ही दफनाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है या जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उन्हें तत्काल रिहा किया जाए वे तभी सड़कों से वापस जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत