नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली के प्रदूषण में यातायात एक बड़ी भूमिका निभाता है और इसे कम करने के लिए सुगम सार्वजनिक परिवहन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कल के कार फ्री डे से प्रदूषण के स्तर में 60 फीसदी की कमी आई है। दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि अगले साल पूरी दिल्ली में 22 सितंबर को कार फ्री डे मनाया जाएगा।
कार फ्री डे से 60 फीसदी प्रदूषण कम होने का दावा
उन्होंने दावा किया कि कार फ्री डे ने प्रदूषण को 60 प्रतिशत तक कम कर दिया है जबकि पर्यावरण से जुड़े संगठनों ने इस पर मिली जुली प्रतिक्रिया दी है। सेंटर फॉर साइंस एंड इनवायरमेंट (सीएसई) ने दावा किया है कि इस अभियान के चलते प्रदूषण में भारी कमी दर्ज की गई जबकि ग्रीनपीस इंडिया ने एक प्रतीकात्मक पहल बताया है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, दिल्ली में प्रदूषण की मुख्य वजह ट्रैफिक
केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा कि कार फ्री डे का प्रभाव... सड़क पर प्रदूषण में करीब 60 फीसदी की कमी। इसका मतलब है कि ट्रैफिक इसमें अहम भूमिका निभाता है। हमें ट्रैफिक घटाना होगा। उन्होंने ट्वीट किया, आरामदेह, भरोसेमंद, पहुंच के दायरे वाली सार्वजनिक परिवहन प्रणाली और अच्छी तरह से डिजाइन की गई सड़कें इसके लिए जरूरी हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से इस पर काम करूंगा। यहां सैकड़ों की संख्या में लोगों ने यहां लाल किला और भगवान दास मार्ग पर केजरीवाल के नेतृत्व में साइकिल रैली निकाली।
सीएसई ने भी कहा, लाल किला से इंडिया गेट तक प्रदूषण में आई कमी
सीएसई ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि सीएसई ने लाल किला से इंडिया गेट तक कार फ्री डे के दौरान महीन प्रदूषणकारी कणों के स्तर में काफी कमी दर्ज की है। इस स्थान पर कल शाम दर्ज प्रदूषण के स्तर में 60 फीसदी कमी दर्ज की गई। इसमें बताया गया है कि पीएम 2. 5 (महीण कण) में 45 फीसदी की कमी दर्ज की गई। सीएसई की कार्यकारी निदेशक (रिसर्च एंड एडवोकेसी) अनुमिता राय चौधरी ने कहा कि दिल्ली सरकार की इस पहल ने यह साबित करने में मदद की है कि दिल्ली में कारों की बढ़ती संख्या ने किस तरह से जहरीले प्रदूषण को बढ़ाया है। ग्रीनपीस इंडिया ने भी आज और कल वायु गुणवत्ता निगरानी सर्वेक्षण किया।
अगले साल पूरी दिल्ली में 22 सितंबर को कार फ्री डे: गोपाल
दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि अगले साल 22 सितंबर को दिल्ली सरकार पूरे शहर में कार फ्री डे मनाएगी क्योंकि उस दिन विश्व कार फ्री डे होता है। शहर के लोगों को सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने के लिए बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने को लेकर दिल्ली सरकार हर महीने की 22 तारीख को कार फ्री डे का आयोजन शहर की विभिन्न सड़कों पर करेगी।
सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया कार फ्री डे का आयोजन
कार फ्री डे का आयोजन कल लाल किला से इंडिया गेट के बीच सवेरे सात बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि हर महीने कार फ्री डे का आयोजन करने से लोगों में धीरे-धीरे प्रदूषण और यातायात जाम की समस्या को लेकर जागरूकता पैदा होगी।