जालंधर: पंजाब पुलिस ने रविवार को बताया कि उन्होंने भगत सिंह के खिलाफ टिप्पणी के लिए तुषार गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक गैर सरकारी संगठन जन जागृति मंच की शिकायत पर तुषार गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एनजीओ के अनुसार, मीडिया में आई रिपोर्ट में तुषार के हवाले से कहा गया है कि भगत सिंह अपराधी थे।
जन जागृति मंच के अध्यक्ष कृशन लाल शर्मा ने कहा, "हमने शहीद भगत सिंह के बारे में तुषार गांधी के बयान अखबारों में पढ़े। उन्होंने भगत सिंह को अपराधी कहा है। इससे हमारी भावनाएं आहत हुई हैं और हम इससे दुखी हैं। हमने पुलिस में इसकी शिकायत लिखवाई है, जिस पर वे कार्रवाई करेंगे।"
थाना प्रभारी बिमल कांत ने बताया, "हमने तुषार गांधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 295-ए तहत मामला दर्ज कर लिया है।"
शर्मा ने तुषार गांधी को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।