1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajat Sharma's Blog: कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत का संदेश दूर तलक जाएगा

Rajat Sharma's Blog: कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत का संदेश दूर तलक जाएगा

 Written By: Rajat Sharma
 Published : Aug 20, 2026 05:15 pm IST,  Updated : Aug 20, 2026 05:15 pm IST

सर्जियो गोर ने कहा कि मोदी सरकार ने कश्मीर को पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित बना दिया है, इसलिए अमेरिका जल्द ही अपने नागरिकों के लिए जारी की गई नेगेटिव ट्रेवल एडवाइज़री की समीक्षा करेगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई अमेरिकी राजदूत कश्मीर गया, इसलिए उनका एक-एक बयान महत्वपूर्ण है।

Rajat Sharma Blog, Rajat Sharma Blog Latest, Rajat Sharma- India TV Hindi
इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा। Image Source : INDIA TV

अब अमेरिका ने भी कह दिया कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। अब पाकिस्तान को ये बात समझ में आ जानी चाहिए लेकिन ये सच मानने के लिए नीयत साफ होनी चाहिए, जो पाकिस्तान की नहीं है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर कश्मीर के दौरे पर हैं। सर्जियो गोर ने कहा कि उन्हें यहां आकर महसूस हुआ कि कश्मीर वाकई जन्नत है, यहां की फिजा निराली है, माहौल खुशनुमा है, खूबसूरती बेमिसाल है और हर तरफ शान्ति है, कहीं कोई खौफ का माहौल नहीं। सर्जियो गोर जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और  मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मिले, श्रीनगर में सड़कों पर आम लोगों से मिले, शिकारा पर बैठकर डल झील की सैर की।

सर्जियो गोर ने कहा कि मोदी सरकार ने कश्मीर को पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित बना दिया है, इसलिए अमेरिका जल्द ही अपने नागरिकों के लिए जारी की गई नेगेटिव ट्रेवल एडवाइज़री की समीक्षा करेगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई अमेरिकी राजदूत कश्मीर गया। इसलिए उनका एक-एक बयान महत्वपूर्ण है। सर्जियो गोर आज लद्दाख गये। गलवान में चीनी सेना के साथ झड़प के बाद इस इलाके में किसी विदेशी राजदूत की ये पहली यात्रा है। सर्जियो गोर का ये दौरा कूटनीतिक नज़रिये से बेहद अहम है। पाकिस्तान और चीन के लिए एक साथ स्पष्ट संदेश है।

सर्जियो गोर ने कश्मीर के बारे में जो कहा, इसका संदेश दूर तक जाएगा। सर्जियो गोर राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी लोगों में से एक हैं। भारत आने से पहले वो ट्रंप के personal office की देखभाल करते थे। सर्जियो गोर भी राष्ट्रपति ट्रंप के बारे में खुल कर बातें करते हैं। वो जब दिल्ली आए थे तो बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप की आदत है रात को दो बजे phone करने की, लेकिन दिल्ली में उन्हें ये time suit करता है, क्योंकि तब यहां दिन होता है। जिस समय सर्जियो गोर भारत आए थे, तब भारत राष्ट्रपति ट्रंप के कई फैसलों और बयानों को लेकर नाराज़ था। ट्रंप ने भारत पर ऊंचा टैरिफ  लगा दिया, work visa पर पाबंदियां लगा दीं और पाकिस्तान को गोद में बिठा लिया।

सर्जियो गोर के भारत आने के बाद ये सारी स्थितियां धीरे धीरे बदलने लगीं। राजनयिक कहते हैं कि सर्जियो गोर ने अमेरिकी राजदूत के रोल को पुनर्भाषित किया है, इसीलिए सर्जियो गोर का कश्मीर जाना और ये कहना कि कश्मीर सुरक्षित है और अमेरिकी सैलानियों की कश्मीर यात्रा पर जो पाबंदिया लगी हुई हैं, उसका वह फिर से आकलन करेंगे, ये बड़ी बात है।

NTA के पूरे सिस्टम को reboot करके नये सिरे से बनाया जाए

NEET-UG पेपर लीक के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से सख्त सवाल पूछे। कोर्ट ने कहा कि सिर्फ नियम बनाने से कुछ नहीं होगा, इसका असर परीक्षा में दिखना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि जब सरकार ने राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशें अभी तक लागू नहीं की हैं तो फिर नंदन नीलेकणि कमेटी बनाने का क्या फायदा। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने कहा कि सिर्फ कागज़ों में अच्छे नियम बना देना काफ़ी नहीं होगा। परीक्षा प्रणाली में सुधार दिखने भी चाहिए। कोर्ट ने कहा कि परीक्षा कैसे कराए जाएं, ये बात NTA को UPSC से सीखनी चाहिए, जो बिना किसी गड़बड़ी के दशकों से परीक्षा करा रहा है।

कोर्ट ने कहा कि नई टेक्नोलॉजी समझने वाले अफसरों को NTA में शामिल किया जाए और अनुभवी अधिकारियों का बार-बार ट्रांसफर न किया जाए। कोर्ट ने कहा कि वो NEET परीक्षा पर NTA के काम की निगरानी करते रहेंगे, क्योंकि वो लाखों छात्रों के साथ अन्याय होते नहीं देख सकते। कोर्ट में सरकार का ये दावा कि NTA की परीक्षा प्रणाली foolproof है, बिलकुल बेकार की बात है। क्योंकि अगर system foolproof है, तो leakage कैसे हुआ? हो सकता है कि कागज पर बड़ा अच्छा system हो, हो सकता है कि जो Standard Operating Procedure बनाए गए हैं वो भी पक्के हों, लेकिन कई बार इस बात के सबूत मिले हैं कि NTA examination papers को सुरक्षित रखने में फेल हुई।

सवाल सिर्फ NEET पेपर लीक का नहीं है। सवाल NTA की पूरी प्रणाली का है। जहां-जहां private operators को परीक्षा कराने के काम में शामिल किया गया, वहीं गड़बड़ी हुई। पेपर्स लीक हुए, cheating हुई, इसीलिए पूरे के पूरे system को reboot करने की ज़रूरत है। NTA में repair work से काम नहीं चलेगा। इसको नए सिरे से बनाने की ज़रूरत है।

देखें: ‘आज की बात, रजत शर्मा के साथ’ 19 अगस्त, 2026 का पूरा एपिसोड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत