गुड़गांव: सऊदी अरब के एक राजनयिक पर दो नेपाली लड़कियों से कथित रूप से रेप करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि राजनयिक उन्हें अगवा कर लिया और यहां एक फ्लैट में उनसे बार बार बलात्कार किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, हमने स्थानीय पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। सउदी दूतावास इस संबंध में विदेश मंत्रालय के संपर्क में है।
सहायक पुलिस आयुक्त राजेश ने बताया कि पीडि़ताओं का आरोप है कि उन्हें पहले सउदी अरब के जेद्दाह ले जाया गया जहां उनसे घरेलू काम कराया गया और वहां भी उनसे बलात्कार किया गया।
महिलाओं के अनुसार कुछ समय पहले उन्हें गुड़गांव के इस फ्लैट में लाया गया जहां उस परिवार के मेहमानों ने भी उनसे बलात्कार किया। इस फ्लैट को दिल्ली स्थित सउदी दूतावास ने किराये पर ले रखा है।
राजेश ने कहा, एक नयी घरेलू सहायिका उस फ्लैट पर गयी थी और उसने इन दोनों महिलाओं की दुर्दशा देखी एवं वह वहां से चली गयी। उस घरेलू सहायिका ने एक एनजीओ को इसकी खबर दी जिसने पुलिस में सूचना दी।
गुड़गांव पुलिस ने DLF फेज ।। में उस फ्लैट पर छापा मारा एवं महिलाओं को मुक्त कराया।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि अबतक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। गुड़गांव पुलिस ने सहयोग के लिए नेपाल दूतावास से संपर्क साधा है।