1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. त्रिपुरा में दो पत्रकारों की हत्या के मामले की जांच करेगी सीबीआई

त्रिपुरा में दो पत्रकारों की हत्या के मामले की जांच करेगी सीबीआई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 23, 2018 02:54 pm IST,  Updated : Jun 23, 2018 02:54 pm IST

मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब का कहना है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) त्रिपुरा में दो पत्रकारों की हत्या के मामले की जांच करने को राजी हो गया है।

CBI,probe,  killings, 2 journalists , Tripura- India TV Hindi
CBI to probe killings of 2 journalists in Tripura

अगरतला: मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब का कहना है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) त्रिपुरा में दो पत्रकारों की हत्या के मामले की जांच करने को राजी हो गया है। दोनों मामले पिछले साल के हैं। स्थानीय टेलीविजन के लिए काम करने वाले शांतनु भौमिक की पिछले साल 21 सितंबर को उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह पश्चिमी त्रिपुरा जिले के मंडवई इलाके में सड़क नाकाबंदी आंदोलन की रिपोर्टिंग करने गए थे। 

क्षेत्रीय भाषा के अपराधिक मामलों के पत्रकार सुदीप दत्ता की हत्या इसी जिले में पिछले साल 20 नवंबर को आर के नगर स्थित ‘ त्रिपुरा स्टेट राइफल्स ’ (टीएसआर) 2 बटालियन के मुख्यालय में कर दी गई थी। त्रिपुरा हाईकोर्ट के आदेश के बाद अतिरिक्त जिला तथा सत्र न्यायालय ने सुदीप दत्ता मामले की जांच रोक दी थी। 

राज्य पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने हत्या की जांच कर आरोपपत्र दायर किया था। इसने ही शांतनु भौमिक मामले की भी जांच की लेकिन अब तक आरोपपत्र दायर नहीं किया है। बिप्लब कुमार देब ने कहा कि सीबीआई मामलों की जांच करने को तैयार हो गई है। देब ने कल रात पत्रकारों से कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने मामलों की जांच के लिए केंद्र को दो अलग - अलग प्रस्ताव भेजे थे ताकि प्रभावित परिवारों को इंसाफ मिल पाए। 

उन्होंने कहा, ‘‘आज , हम राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि सीबीआई दोनों मामलों की जांच करेगी। इसके साथ ही भाजपा - आईपीएफटी सरकार ने घोषणापत्र में किए अपने एक और वादे को भी पूरा कर दिया।’’ देब ने कहा कि सीबीआई अधिकारी मामलों की जांच कर दोनों परिवारों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे। सरकार ने सकारात्मक कदम उठाया है ताकि त्रिपुरा में सरकार स्वतंत्रता से काम कर सके।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत