नई दिल्ली: भाजपा नेता और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर कांग्रेस ने आज फिर पलटवार करते हुए कहा है कि ललित मोदी पर केस दर्ज होने के बावजूद सुषमा स्वराज ने मदद की है। कांग्रेस नेता पी चिंदबरम ने मीडिया से बात करते हुए कहा सुषमा स्वराज और सरकार ने पूरे मामलें पर अभी तक जवाब नहीं दिया है। उन्होंने सवाल करते हुए पूछा कि ललित मोदी की मानवता के आधार पर मदद करनी थी भारतीय दस्तावेज क्यों नहीं दिलवाए? इसके साथ ही राजीव गांधी पर सुषमा ने जिस तरह से आरोप लगाए थे उसका करारा जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा अगर सुषमा जेटली से बात कर लेती तो राजीव गांधी से जुड़ा सच उनको पता चल जाता और वे इस तरह का आरोप नहीं लगाती, उनके आरोप से मैं हैरान हूं।
सुषमा ने मदद की और अपने मंत्रालय से बात भी छुपाई-
कांग्रेस नेता और यूपीए सरकार में वित्त मंत्री रह चुके पी चिंदबरम ने सुषमा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने ललित मोदी की मदद करने की बात अपने ही मंत्रालय से छुपाई है। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामलें पर अपना जवाब देना चाहिए और कांग्रेस पार्टी जब तक सही जवाब नहीं मिल जाता सवाल पूछती रहेगी।
राजीव गांधी पर सुषमा का आरोप लगाना हैरान करने वाला
कांग्रेस नेता चिदबंरम ने कहा कि ललित कांड पर सुषमा ने अपनी सफाई देते हुए जिस तरह से देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लेकर जिस तरह से आरोप लगाए गए उससे वह हैरान हैं। चिदंबरम ने कहा कि अगर वे बोफोर्स मामलें में राजीव पर आरोप लगाने से पहले अपने साथी मंत्री अरुण जेटली से पूछ लेती तो उनको सच पता चल जाता क्योंकि तक वाजपेयी सरकार में जेटली कानून मंत्री थे।
एनडीए तक सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गई
चिदंबरम ने एनडीए सरकार पर हमला करते हुए सवाल किया कि आखिर एनडीए सरकार ने तक सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि तब जेटली ने ही सरकार की तरफ से कोर्ट को बताया था कि राजीव के खिलाफ कोई सबूत नहीं है।
प्रत्यर्पण को कानूनी दांव बताया
ललित कांड पर कांग्रेस ने जूलियन असांज का हवाला देते हुए कहा कि असांज के प्रत्यपर्ण में चार साल लग गए। प्रत्यर्पण एक कानूनी दांव है। इसलिए कांग्रेस ने निर्वासन की मांग की थी।