1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. डोकलाम के बाद उत्तराखंड में भी घुसे चीनी सैनिक, भारतीय जवानों ने वापस खदेड़ा

डोकलाम के बाद उत्तराखंड में भी घुसे चीनी सैनिक, भारतीय जवानों ने वापस खदेड़ा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 31, 2017 04:28 pm IST,  Updated : Jul 31, 2017 09:40 pm IST

सिक्किम सीमा पर डोकलाम में भारत और चीन में जारी गतिरोध के बीज चीनी सैनिकों ने उत्तराखंड में भी घुसपैठ की थी। हालांकि भारतीय जवानों ने कड़ा विरोध करते हुए उन्हें वापस खदेड़ दिया।

Representative Image | PTI- India TV Hindi
Representative Image | PTI

नई दिल्ली: सिक्किम सीमा पर डोकलाम में भारत और चीन में जारी गतिरोध के बीच चीनी सैनिकों ने उत्तराखंड में भी घुसपैठ की थी। हालांकि भारतीय जवानों ने कड़ा विरोध करते हुए उन्हें वापस खदेड़ दिया। सूत्रों के मुताबिक, चीनी सैनिक उत्तराखंड के बाराहोती में भारतीय सीमा में घुस आए थे। यह घटना 25 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे की है। गौरतलब है कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल इसके एक दिन बाद ही चीन की यात्रा पर गए थे। बताया जा रहा है कि 25 जुलाई की सुबह लगभग 9 बजे चीनी सैनिक भारतीय सीमा में 800 मीटर से एक किलोमीटर अंदर तक घुस आए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ITBP के जवानों ने चीनी घुसपैठ का जमकर विरोध करते हुए उन्हें उनकी सीमा में वापस खदेड़ दिया था। आपको बता दें की बाराहोती सीमा पर भारत और चीन के बीच कोई विवाद नहीं है, लेकिन फिर भी शायद भारत को धमकाने के मकसद से चीनी सैनिकों द्वारा घुसपैठ की गई थी। हालांकि भारतीय जवानों की तरफ से कड़े प्रतिरोध के बाद चीनी सैनिकों को यह संदेश पक्के तौर पर मिल गया होगा कि इस तरह की घुसपैठ को भारत कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। गौरतलब है कि लद्दाख और सिक्किम सीमा पर चीनी सैनिक अक्सर घुसपैठ करते रहते हैं, लेकिन बाराहोती में की गई घुसपैठ नई है।

चीनी सैनिक बाराहोती में घुसपैठ करके उस इलाके को अपना बता रहे थे, लेकिन भारतीय जवानों ने साफ कर दिया कि यह भारत का क्षेत्र है। डोकलाम इलाके में भी भारतीय और चीनी सेनाएं पिछले लगभग डेढ़ महीने से आमने-सामने हैं। इस बीच चीन ने भारत को कई बार गीदड़ भभकी देते हुए अपने सैनिकों को वापस बुलाने के लिए कहा था, लेकिन भारत ने साफ कर दिया था कि उसके सैनिक वहां से नहीं हटेंगे जब तक कि मुद्दे का समाधान नहीं निकल जाता। चीन डोकलाम विवाद के बीच भारत को कई बार युद्ध की धमकी तक दे चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत