1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चौपर घोटाला: पूर्व वायुसेना प्रमुख त्यागी और पूर्व उप वायु सेना प्रमुख गुजराल से पूछताछ करेगी CBI

चौपर घोटाला: पूर्व वायुसेना प्रमुख त्यागी और पूर्व उप वायु सेना प्रमुख गुजराल से पूछताछ करेगी CBI

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 30, 2016 09:45 am IST,  Updated : Apr 30, 2016 09:45 am IST

सीबीआई ने पूर्व वायु सेना प्रमुख एसपी त्यागी और पूर्व उप वायु सेना प्रमुख जेएस गुजराल को अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे में कथित भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में तलब किया है।

tyagi- India TV Hindi
tyagi

नई दिल्ली: सीबीआई ने पूर्व वायु सेना प्रमुख एसपी त्यागी और पूर्व उप वायु सेना प्रमुख जेएस गुजराल को अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे में कथित भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में तलब किया है। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि जहां एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जेएस गुजराल को शनिवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है, वहीं एसपी त्यागी से सोमवार को पूछताछ की जाएगी। दोनों से 2013 में विस्तार से पूछताछ की गई थी लेकिन नए दौर के पूछताछ की आवश्यकता एक इतालवी अदालत के सात अप्रैल के आदेश के बाद हुई।

मिलान की अपीलीय अदालत ने इस बात का ब्योरा दिया है कि कैसे हेलिकॉप्टर निर्माता फिनमेकैनिका और अगस्ता वेस्टलैंड ने सौदा हासिल करने के लिए बिचौलियों के जरिए भारतीय अधिकारियों को कथित तौर पर रिश्वत दी। अदालत ने अपने आदेश में कई बिंदुओं पर त्यागी के नाम का उल्लेख किया है। सीबीआई को मिलान की अदालत के आदेश की प्रति मिल गई है जिसके आधार पर उसने त्यागी और गुजरात से पूछताछ करने के लिए नयी प्रश्नावली तैयार की है। त्यागी ने अपने खिलाफ आरोपों का खंडन किया है और दावा किया कि सीमा को कम करने का फैसला गुजराल समेत वरिष्ठ अधिकारियों के एक समूह ने किया था।

सीबीआई ने अब तक कहा है कि गुजराल से एक गवाह के तौर पर पूछताछ की गई है लेकिन इस बात पर चुप्पी साध ली कि क्या उनका दर्जा वही बरकरार रहेगा। सीबीआई ने मामले में त्यागी और 13 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें त्यागी के रिश्ते के भाई और यूरोपीय बिचौलिये भी शामिल हैं। सूत्रों ने संकेत दिया कि हाल ही में मिलान (इटली) की एक अदालत द्वारा अगस्तावेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदे में भ्रष्टाचार के आरोपों में दो व्यक्तियों को सजा सुनाए जाने के बाद त्यागी से पूछताछ जरूरी हो गई थी। पूर्व वायु सेना प्रमुख पर आरोप है कि उन्होंने वीवीआईपी हेलीकाप्टरों की ऊंचाई को कथित रूप से कम किया ताकि अगस्तावेस्टलैंड को भी बोली में शामिल किया जा सके। त्यागी ने 31 दिसंबर 2005 को भारतीय वायु सेना प्रमुख का कार्यभार संभाला था और वह 2007 में सेवानिवृत्त हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत