1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हरिद्वार जाने वालों ध्यान दें! मुजफ्फरनगर में आज रात से लागू होगा रूट डायवर्जन, 12 अगस्त तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

हरिद्वार जाने वालों ध्यान दें! मुजफ्फरनगर में आज रात से लागू होगा रूट डायवर्जन, 12 अगस्त तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 28, 2026 10:03 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 10:05 pm IST

कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। मंगलवार शाम 6 बजे पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया। इसके अनुसार 4 अगस्त के बाद संपूर्ण रूप से हाईवे पर शिवभक्त कांवड़ियों का आवागमन रहेगा और कोई अन्य वाहन नहीं चलेगा।

कांवड़ियों के लिए आज...- India TV Hindi
कांवड़ियों के लिए आज रात से नया ट्रैफिक प्लान। Image Source : PTI

मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू कर दी है। मंगलवार 28 जुलाई रात 12 बजे से 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। 4 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे (NH-58) कांवड़ियों के लिए रिजर्व रहेगा। 4 अगस्त तक हल्के चौपहिया-दुपहिया वाहन हाईवे के एक तरफ चलेंगे और दूसरी साइड कांवड़ियों के लिए रिजर्व रहेगी। 4 अगस्त के बाद संपूर्ण रूप से हाईवे पर शिवभक्त कांवड़ियों का आवागमन रहेगा और कोई अन्य वाहन नहीं चलेगा। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जनपद में रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व डायवर्जन का पालन कर सुरक्षित कांवड़ यात्रा में सहयोग प्रदान करें।

इस तरह रहेगा डायवर्जन-

  1. 29 जुलाई की रात से 12 अगस्त तक जनपद मुजफ्फरनगर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल हल्के वाहन ही निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आ-जा सकेंगे।
  2. ट्रैफिक व्यवस्था के तहत 29-30 जुलाई से 4 अगस्त तक नेशनल हाईवे-58 पर बायीं लेन हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के लिए पूरी तरह रिजर्व रहेगी। वहीं दाहिनी लेन पर हल्के वाहन हरिद्वार से मेरठ और मेरठ से हरिद्वार दोनों तरफ एक ही लेन में चलेंगे।
  3. 4 अगस्त से NH-58 पर सामान्य यातायात पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस अवधि में हाईवे की दोनों लेन केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेंगी। 4 अगस्त से 12 अगस्त तक दिल्ली देहरादून हाईवे सभी प्रकार के वाहनों के संचालन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। 
  4. सहारनपुर व हरिद्वार से आने वाले वाहन और आवश्यक वस्तुओं से संबंधित वाहन देवबंद, मलीरा कट, रामपुर तिराहा, पचैंडा, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास, मीरापुर, मोंटी तिराहा होते हुए मवाना से मेरठ जा सकेंगे। इसी प्रकार मोंटी तिराहे से बैराज होते हुए बिजनौर की ओर आवागमन होगा और वापसी भी इसी रास्ते से होगी।
  5. शामली की ओर से आने वाले वाहन लालूखेड़ी पिनना बाईपास से राणा चौक, बहलना कट के माध्यम से जानसठ पुल होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे। इसी तरह बागपत-बड़ौत से मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों को शामली-बनत होते हुए लालूखेड़ी पिनना बाईपास, राणा चौक, बहलना कट के रास्ते जानसठ पुल से शहर आना-जाना होगा।

हल्के वाहनों के लिए यातायात प्रबंधन-

  • दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर से सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून आने व जाने वाले वाहनों को मीरापुर, जानसठ, सिखेड़ा, जानसठ बाइपास, बिलासपुर कट, भोपा बाइपास, पचेंडा बाइपास, रामपुर तिराहा, रोहाना, देवबंद मार्ग से भेजा जाएगा।
  • बिजनौर से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर की ओर जाने वाले हल्के व मध्यम वाहन बिजनौर से मुजफ्फरनगर व सहारनपुर जाने वाले वाहन गंगा बैराज से मीरापुर, जानसठ बाईपास, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना, सहारनपुर के लिए आवाजाही की जाएगी।
  • मुजफ्फरनगर शहर से शामली, जाने वाले वाहनों को वहलना चौक से पीनना बाइपास, तितावी, लालूखेड़ी से भेजा जाएगा। इसी रास्ते से वापसी भी होगी। 
  • हरिद्वार से मुजफ्फरनगर होकर शामली जाने वाली कांवड़ वाहन सिसौना से रामपुर तिराहा से होटल मोती महल के पास से जाएंगे। 
  • मुजफ्फरनगर से खतौली जाने वाले हल्के वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड, पचेंडा रोड से होकर हाईवे पर पहुंचकर जानसठ बाइपास से सिखेड़ा व जानसठ होकर खतौली जाएंगे।
  • मुजफ्फरनगर शहर से बुढ़ाना जाने वाले स्थानीय वाहन बुढ़ाना मोड़ व शाहपुर मार्ग से जाएंगे। भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा। पुरकाजी जाने वाले वाहन भोपा रोड, जानसठ रोड, पचेंडा रोड से होकर हाईवे पर आकर बाई पटरी पर होते हुए जाएंगे। 

पुलिस ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का प्रयोग करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, आपको बता दें कि यूपी में कांवड़ यात्रा रूट पर मांस-शराब की दुकानें बंद रहेंगी। 

(रिपोर्ट- योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें-

'बोल बम' के नारों से गूंजेंगे शिवालय; इस दिन से शुरू हो रही है कांवड़ यात्रा, जानें जलाभिषेक की शुभ तिथियां

अगर पहली बार उठाने जा रहे हैं कांवड़ तो जान लें ये जरूरी नियम, वरना अधूरी रह सकती है आपकी पूजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।