नई दिल्ली: उत्तराखंड के पौढ़ी गढ़वाल में आज सुबह बादल फटने से पानी के बहाव के सामने जो भी आया सबकुछ बह गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है।
सुबह तकरीबन चार बजे बादल फटे अचानक बारिश के पानी का इतना तेज़ बहाव आया कि पौढ़ी गढ़वाल के इस इलाके में कई गाड़ियां बह गईं पूल टूट गए और सड़क भी नष्ट हो गई।
कई मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। बिजली के तार गिर जाने से पावर सप्लाई बाधित हो गई। अचानक आई इस आपदा से लोग दहशत में हैं।
बारिश से आई तबाही की ख़बर मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा। पत्थरों के टुकड़े हटाकर बंद पड़ी सड़कों को खोला जा रहा है। लोगों के नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है, ताकि उन्हें मदद दी जा सके।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तेज़ बारिश का अलर्ट पहले ही जारी कर दिया था। अब भी यहां कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।