1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में पारा शून्य से नीचे, कोहरे से चेन्नई में विमान सेवा प्रभावित

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में पारा शून्य से नीचे, कोहरे से चेन्नई में विमान सेवा प्रभावित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 26, 2018 11:22 pm IST,  Updated : Jan 26, 2018 11:22 pm IST

देश के उत्तरी राज्य जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हाड़ कंपकंपाने वाली सर्दी ने लोगों को परेशान कर रखा है तो वहीं दक्षिण में चेन्नई हवाईअड्डे पर घने कोहरे की वजह से विमान सेवाएं प्रभावित हुईं।

Cold weather- India TV Hindi
Cold weather Image Source : PTI

नयी दिल्ली: देश के उत्तरी राज्य जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हाड़ कंपकंपाने वाली सर्दी ने लोगों को परेशान कर रखा है तो वहीं दक्षिण में चेन्नई हवाईअड्डे पर घने कोहरे की वजह से विमान सेवाएं प्रभावित हुईं।दिल्ली के राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिये घरों से निकले लोगों को भीषण ठंड के साथ घने कोहरे का सामना करना पड़ा। आज यहां अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 100 मीटर थी जो सुबह साढ़े आठ बजे घटकर 50 मीटर रह गई।

कश्मीर में भी शीतलहर से लोगों को राहत नहीं मिलती दिख रही। घाटी के अधिकतर स्थानों पर पारा शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के करगिल में तापमान शून्य से 17.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया। बीती रात के मुकाबले यहां तापमान में हालांकि तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि करगिल प्रदेश का सबसे सर्द स्थान रहा। लेह में पारा शून्य से 6.1 डिग्री सेल्यियस नीचे रहा। श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम था। हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। अधिकतर स्थानों पर पारा शून्य के करीब है जबकि मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई रही। 

ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों और पहाड़ी दर्रों में भीषण ठंड रही जहां पारा शून्य से 12 डिग्री से लेकर शून्य से 19 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इसके साथ ही केलांग, कालपा, मनाली और कुफरी में तापमान क्रमश: शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस, शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस, शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस और शन्य से . तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। 

उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर धुंध छाई रही। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर शीत लहर जैसे हालात रहे। प्रदेश में आगरा 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का असर जारी है और प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर आज कोहरे की घनी चादर देखने को मिली।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि चंडीगढ़ में पारा 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बीती रात के मुकाबले एक डिग्री ज्यादा है। खराब दृश्यता और घने कोहरे की वजह से चेन्नई हवाईअड्डे पर सुबह पौने छह बजे से पौने नौ बजे तक उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि खराब दृश्यता के चलते आठ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बेंगलुरू और हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा। 14 उड़ानों के प्रस्थान में भी देरी हुई। सिक्किम में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से लोग को शीतलहर से राहत नहीं मिली। पूर्वी जिले के नाथूला और चांगू तथा उत्तरी जिले लाचेन और लाचुंग में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई और समूचे सिक्किम में बर्फीली हवायें चलती रहीं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत