1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाने के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाने के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 03, 2019 10:34 pm IST,  Updated : Feb 03, 2019 10:34 pm IST

उत्तर प्रदेश में हिंदू महासभा के संदिग्ध सदस्यों द्वारा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके एक पुतले पर कथित तौर पर गोली चलाने को लेकर कांग्रेस सोमवार को देशव्यापी प्रदर्शन करेगी।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
Rahul Gandhi

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में हिंदू महासभा के संदिग्ध सदस्यों द्वारा महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके एक पुतले पर कथित तौर पर गोली चलाने को लेकर कांग्रेस सोमवार को देशव्यापी प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने ये जानकारी दी। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया कि महात्मा गांधी की हत्या का अभिनय करना दर्शाता है कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें चुपचाप इस कृत्य का समर्थन कर रही हैं।

दिल्ली में, कांग्रेस सांसदों के भी संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सोमवार को प्रदर्शन करने की संभावना है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और इसकी सरकारों के बयानों और कार्यों में अंतर है। सरकार को हमेशा (नाथूराम) गोडसे (जिसने गांधी की हत्या की) से प्रेम रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस इस कृत्य की निंदा करती है और महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाने के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन करेगी, जिसमें सभी पीसीसी (राज्य इकाई) प्रमुख भाग लेंगे।’’

राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में नियुक्त दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के राजघाट पर प्रदर्शन की अगुवाई करने की संभावना है। राजघाट, राष्ट्रपिता का समाधि स्थल है। बता दें कि पिछले सप्ताह महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर 30 जनवरी को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें हिन्दू महासभा के सदस्य अलीगढ़ में एक एयर पिस्तौल से गांधी की प्रतिमा पर कथित तौर पर गोली चलाते नजर आ रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत