1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटों में आए 24712 नए कोरोना मामले, 312 लोगों की गई जान

24 घंटों में आए 24712 नए कोरोना मामले, 312 लोगों की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 24, 2020 09:46 am IST,  Updated : Dec 24, 2020 09:46 am IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 312 लोगों की जान गई है और अबतक कोरोना की वजह से देश में कुल 146756 लोगों की मृत्यु हो चुकी है

देश में कोरोना के केस...- India TV Hindi
देश में कोरोना के केस घटने के बावजूद टेस्टिंग में ज्यादा कमी नहीं आई है, अभी भी रोजाना 10 लाख से ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के नए मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है और साथ में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी नए मामलों से ऊपर बनी हुई है, यही वजह है कि देश में अब कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या लगातार कम हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव केस मे 5391 की कमी आई है और अब देश में कुल 283849 एक्टिव कोरोना मामले बचे हैं जो कुल कोरोना मामलों का 2.80 प्रतिशत है।

देश में कोरोना के नए मामले कम संख्या में आने और करोना से लोगों के ठीक होने की संख्या अधिक होने की वजह से एक्टिव मामलों में कमी देखी जा रही है। 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 24712 नए मामले आए हैं और कुल मामलों का आंकड़ा 10123778 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में अधिकतर लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना से 29791 लोग ठीक हुए हैं।

हालांकि कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा अभी उतना कम नहीं हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 312 लोगों की जान गई है और अबतक कोरोना की वजह से देश में कुल 146756 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार बुधवार को देशभर में 10.39 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 16.53 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 7.90 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 17.37 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 5.56 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.89 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 3.34 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 73.66 लाख मामले सामने आए हैं और 1.89 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 29.33 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 52 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 25.05 लाख मामले आ चुके हैं और 61 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत