1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव केस 8% से भी नीचे, रोजाना आने वाले मामले 14 हफ्ते में सबसे कम

Coronavirus के एक्टिव केस 8% से भी नीचे, रोजाना आने वाले मामले 14 हफ्ते में सबसे कम

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 27, 2020 09:41 am IST,  Updated : Oct 27, 2020 09:47 am IST

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, सोमवार को देशभर में 9.58 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 10.44 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।

Coronavirus recovery rate improving further in India- India TV Hindi
Coronavirus recovery rate improving further in India Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के रोजाना आने वाले आंकड़े अब कुछ राहत दे रहे हैं, देश में कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है, ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बड़ रही है, रोजाना आने वाले कोरोना के केस भी पहले के मुकाबले काफी घटे हैं और कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े में भी पहले के मुकाबले काफी कमी देखने को मिल रही है। मंगलवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी हुए कोरोना के आंकड़ों में भी कुछ ऐसा ही है।  

सबसे पहले अगर रोजाना आने वाले नए कोरोना मामलों को देखें तो उनमें भारी गिरावट दर्ज की गई है, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 36470 नए कोरोना मामले सामने आए हैं जो 14 हफ्तों में आए सबसे कम दैनिक केस हैं। इससे कम रोजाना केस 18 जुलाई को जारी हुए आंकड़ों में देखने को मिले थे। देशभर में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा 7946429 हो गया है लेकिन इसमें अधिकतर लोग ठीक हो चुके हैं।

कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या देखें तो 24 घंटों के दौरान देशभर में 63842 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 7201070 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं जो देश के कुल कोरोना मामलों का 90.62 प्रतिशत है, यानि देश में कोरोना का रिकवरी रेट 90.62 प्रतिशत हो गया है।

देश में कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है, देश के कुल कोरोना मामलों में सिर्फ 7.87 प्रतिशत ही एक्टिव केस बचे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब सिर्फ 625857 मामले ही एक्टिव बचे हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में एक्टिव केस 27860 घटे हैं।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या में भी पहले के मुकाबले हल्की कमी आई है, मंगलवार को रोजाना मौतों का आंकड़ा लगातार दूसरे दिन 500 के नीचे रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 488 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देशभर में कुल 119502 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। देश में कोरोना वायरस से मृत्यु की दर 1.5 प्रतिशत है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, सोमवार को देशभर में 9.58 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 10.44 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।   

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 4.37 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 11.64 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.21 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 89.62 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.31 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 54.11 लाख मामले सामने आए हैं और 1.57 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 15.31 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 26 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत