1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव मामले घटकर 3.56% बचे, लेकिन 24 घंटे में 336 की गई जान

Coronavirus के एक्टिव मामले घटकर 3.56% बचे, लेकिन 24 घंटे में 336 की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 14, 2020 09:34 am IST,  Updated : Dec 14, 2020 09:34 am IST

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 27071 नए मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 9884100 तक पहुंच गया है

देश में कोरोना वायरस...- India TV Hindi
देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में काफी हद तक कमी आई है।  Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण धीरे धीरे अब कम होता जा रहा है, देश में रोजाना आने वाले नए कोरोना मामलों में पहले के मुकाबले काफी हद तक कमी आई है और कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। हालांकि कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा अभी उतना कम नहीं हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 336 लोगों की जान गई है और अबतक कोरोना की वजह से देश में कुल 143355 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

लेकिन कोरोना के एक्टिव केस लगातार कम होते जा रहे हैं जो संक्रमण के कम होने का साफ संकेत है, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 3960 की कमी आई है और अब देश में कुल 352586 एक्टिव कोरोना मामले बचे हैं जो देश के कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 3.56 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 27071 नए मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 9884100 तक पहुंच गया है हालांकि इस आंकड़े में 9288189 मामले ऐसे हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार रविवार को देशभर में 8.55 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 15.45 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 7.26 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 16.18 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 5.08 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.67 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 3.06 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 69.01 लाख मामले सामने आए हैं और 1.81 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 26.53 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 46 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 23.76 लाख मामले आ चुके हैं और 57 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत