1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus के एक्टिव मामले घटकर 4.89 रहे, लेकिन 24 घंटे में 47905 नए मामले

Coronavirus के एक्टिव मामले घटकर 4.89 रहे, लेकिन 24 घंटे में 47905 नए मामले

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 12, 2020 09:53 am IST,  Updated : Nov 12, 2020 09:53 am IST

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार मंगलवार को देशभर में 11.93 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.19 करोड़

बुधवार को श्रीनगर में...- India TV Hindi
बुधवार को श्रीनगर में 10वीं की परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र की परीक्षा से पहले की जा रही थर्मल जांच Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामले लगातार कम हो रहे हैं लेकिन रोजाना आने वाले नए कोरोना मामले चिंता का कारण बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के नए 47905 मामले देखने को मिले हैं। हालांकि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है जिस वजह से देश में कोरोना के एक्टिव केस लगातार कम हो रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से गुरुवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के कुल एक्टिव मामलों की संख्या 489294 दर्ज की गई है जो देश के कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 5.63 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या में 5363 की कमी आई है।

हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के 47905 नए मामले आए हैं, बुधवार को जो आंकड़े जारी हुए थे उनमें 44641 नए मामले दर्ज किए गए थे। अब देश में कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 86,83,916 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में अधिकतर संख्या ठीक हो चुके लोगों की है। देश में अब कोरोना से ठीक हो चुके लोगों की संख्या 8066501 हो गई है और रिकवरी की दर 92.89 प्रतिशत पहुंच गई है।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 550 लोगों की जान गई है। देशभर में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल 128121 लोगों की जान ले चुका है। देश में कोरोना वायरस की मृत्यु दर 1.47  प्रतिशत है।  

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार मंगलवार को देशभर में 11.93 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.19 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 5.24 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 12.89 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.66 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.07 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.47 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 57.49 लाख मामले सामने आए हैं और 1.63 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस को पीछे कर अब फ्रांस चौथे नंबर पर पहुंच गया है जहां पर 18.65 लाख मामले हैं और उनमें 16 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। रूस में भी 18.36 लाख मामले दर्ज किया जा चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत