1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटे में 20 हजार से कम नए कोरोना मामले, एक्टिव केस 3 लाख से नीचे

24 घंटे में 20 हजार से कम नए कोरोना मामले, एक्टिव केस 3 लाख से नीचे

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 22, 2020 09:29 am IST,  Updated : Dec 22, 2020 09:29 am IST

सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 19556 नए मामले दर्ज किए गए हैं, पहली जुलाई के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि रोजाना मामले 20 हजार से नीचे आए हों।

कोरोना वायरस के...- India TV Hindi
कोरोना वायरस के रोजाना आने वाले नए मामलों में काफी हद तक कमी आई है Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर कुछ राहत भरी खबर है, रोजाना आने वाले नए कोरोना मामले में गिरावट देखने को मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 19556 नए मामले दर्ज किए गए हैं, पहली जुलाई के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि रोजाना मामले 20 हजार से नीचे आए हों। देश में कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा बढ़कर 10075116 तक पहुंच गया है।

नए केस घटने के साथ देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी हुई है जिस वजह से कोरोना के एक्टिव मामले लगातार कम हो रहे हैं और अब देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा 3 लाख से नीचे आ गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 11121 की गिरावट दर्ज की गई है और अब 292518 एक्टिव केस बचे हैं। 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना से 30376 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देश में 9636487 लोग ठीक हो चुके हैं।

हालांकि कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा अभी उतना कम नहीं हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 301 लोगों की जान गई है और अबतक कोरोना की वजह से देश में कुल 146111 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देशभर में 10.72 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 16.31 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 7.77 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 17.08 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 5.45 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.84 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 3.26 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 72.64 लाख मामले सामने आए हैं और 1.87 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 28.77 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 51 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 24.79 लाख मामले आ चुके हैं और 60 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत