1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Good News: कोरोना से बड़ी राहत, दैनिक मामले घटकर 29163, 4 महीने में सबसे कम

Good News: कोरोना से बड़ी राहत, दैनिक मामले घटकर 29163, 4 महीने में सबसे कम

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 17, 2020 09:34 am IST,  Updated : Nov 17, 2020 09:34 am IST

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देशभर में 8.44 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.65 करोड़ क

देश की राजधानी दिल्ली...- India TV Hindi
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं और अब केंद्र सरकार ने दिल्ली में कोरोना की टेस्टिंग को बढ़ाने का फैसला किया है Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में भले ही कोरोना के मामले बढ़ रहे हों लेकिन देशभर में मामले लगातार घटते जा रहे हैं और देशभर में रोजाना आने वाले मामले अब 30000 से भी नीचे आ गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के सिर्फ 29163 मामले दर्ज किए गए हैं जो 15 जुलाई के बाद आए सबसे कम दैनिक मामले हैं।

देश में सिर्फ कोरोना वायरस के नए मामले ही नहीं घटे हैं बल्कि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 40791 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कोरोना वायरस से 82,90,370 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से रिकवरी की दर अब 93.42 प्रतिशत हो गई है।

कोरोना के नए मामलों में कमी और कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से अब देश में कोरोना के एक्टिव मामले और भी कम हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना के एक्टिव मामलों में 12077 की कमी आई है और अब देश में कुल 453401 कोरोना एक्टिव मामले हैं जो कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 5.10 प्रतिशत है।  

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 449 लोगों की जान गई है। देशभर में अबतक यह जानलेवा वायरस कुल 130519 लोगों की जान ले चुका है। देश में कोरोना वायरस की मृत्यु दर 1.47  प्रतिशत है।  

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार सोमवार को देशभर में 8.44 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 12.65 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 5.53 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 13.32 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.84 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.15 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.52 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 58.76 लाख मामले सामने आए हैं और 1.66 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर फ्रांस है जहां पर 19.91 लाख मामले हैं और 45 हजार से ज्यादा की जान गई है और पांचवें नंबर पर रूस है जहां पर 19.48 लाख मामले आ चुके हैं और 33 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत