1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटे में 54000 से ज्यादा नए मामले, लेकिन लगातार कम हो रहे हैं Coronavirus के एक्टिव मामले

24 घंटे में 54000 से ज्यादा नए मामले, लेकिन लगातार कम हो रहे हैं Coronavirus के एक्टिव मामले

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 21, 2020 09:41 am IST,  Updated : Oct 21, 2020 09:41 am IST

कोरोना से ठीक होने वाले मामलों की बात करें तो उनकी संख्या नए आने वाले मामलों के से कहीं ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 6795103 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।

Coronavirus testing in India surpasses 97 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 97 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। मंगलवार को कोरोना वायरस के रोजाना मामलों में गिरावट के बाद आज बुधवार को जारी हुए आंकड़ों में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या अभी भी नए आने वाले मामलों से ज्यादा है जिस वजह से कोरोना वायरस के एक्टिव केस लगातार कम हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों का आंकड़ा कुल मामलों का सिर्फ 9.67 प्रतिशत ही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 8448 की कमी आई है और अब देश में कोरोना वायरस के कुल 740090 एक्टिव मामले बचे हैं।

देश में लगातार कोरोना के नए मामले घट रहे हैं और साथ में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी नए मामलों के मुकाबले काफी ऊपर है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 54044 मामले दर्ज किए गए हैं, मंगलवार को 46790 मामले दर्ज किए गए थे जो 3 महीने में सबसे कम दैनिक केस थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अबतक कोरोना वायरस के 76,51,107 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

कोरोना से ठीक होने वाले मामलों की बात करें तो उनकी संख्या नए आने वाले मामलों के से कहीं ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 6795103 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भी देशभर में 61775 लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 88.81 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों के आंकड़े में भी पहले के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 717 लोगों की जान गई है। अबतक देशभर में यह जानलेवा वायरस कुल 115914 लोगों की जान ले चुका है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, बुधवार को देशभर में करीब 10.83 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 9.72 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।  

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 4.10 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 11.29 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 3.06 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 85.20 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.26 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 52.74 लाख मामले सामने आए हैं और 1.54 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 14.31 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 24 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत