नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को बताया कि उनकी सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए एहतियातन कदम उठाते हुए डीटीसी एवं कलस्टर बसों, मेट्रो और अस्पतालों को नियमित आधार पर संक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए हैं। केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कोरोना वायरस मरीजों के लिए 25 अस्पतालों में 168 पृथक बिस्तरों की व्यवस्था की गई है।
Related Stories
उन्होंने दिल्ली के लोगों से अपील की कि यदि उनका कोई पड़ोसी पिछले 14 दिन में विदेश से लौटा है तो उन्हें सरकार को इसकी सूचना देनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने रविवार को राज्य कार्य बल की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने से नौकरी पेशा लोगों की आजीविका पर भी चिंता जताई।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नियोक्ताओं से अपील है कि वे पृथक रखे गए लोगों को सवैतनिक अवकाश दें ताकि उनकी आजीविका प्रभावित नहीं हो। केजरीवाल ने बताया दिल्ली में कोरोना वायरस के तीन पॉजिटिव केस हैं और एक संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि "पहला मरीज 105 लोगों के संपर्क में आया, दूसरा मरीज 168 लोगों के संपर्क में आया और तीसरा मरीज 64 लोगों के संपर्क में आया था। सभी के सैम्पल ले लिए गए हैं।"