1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: देश में कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 9 लाख के पार, 24 घंटे में रिकॉर्ड 28498 नए केस

Coronavirus: देश में कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 9 लाख के पार, 24 घंटे में रिकॉर्ड 28498 नए केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 14, 2020 09:45 am IST,  Updated : Jul 14, 2020 09:45 am IST

कोरोना वायरस के मरीजों की पहचान के लिए देश में लगातार टेस्टिंग हो रही है। सोमवार को ही देशभर में कुल 2.86 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा बढ़कर 1.20 करोड़ के पार पहुंच गया है।

coronavirus cases in india rising continuously- India TV Hindi
coronavirus cases in india rising continuously Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का लगातार बढ़ता संक्रमण बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। देश में कोरोना वायरस के कुल मामले 9 लाख के पार हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 28498 नए मामले आए हैं और कुल मामलों की संख्या बढ़कर 906752 हो गई है। हालांकि कुल मामलों में एक्टिव केस देखें तो वह लगभग 35 प्रतिशत हैं, एक्टिव मामलों का आंकड़ा 311565 है।   

कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है, पिछले 24 घंटे के दौरान ही देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 573 लोगों की जान गई है और अबतक पूरे देश में कुल 23727 लोग कोरोना की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। हालांकि कोरोना वायरस की वजह से मृत्यु दर में अब कुछ कमी आना शुरू हुई है।

भारत में कोरोना वायरस समक्रमण बढ़ने के साथ कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और अबतक देशभर में कुल 571459 लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में 17989 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 63 प्रतिशत के पार पहुंच गया है।

कोरोना वायरस के मरीजों की पहचान के लिए देश में लगातार टेस्टिंग हो रही है। सोमवार को ही देशभर में कुल 2.86 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा बढ़कर 1.20 करोड़ के पार पहुंच गया है। दुनियाभर में अमेरिका, रूस और ब्रिटेन के बाद कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा टेस्ट भारत में ही हो रहे हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.32 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 5.75 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 76.96 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 34.79 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.38 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 18.87 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 72 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 7.33 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 11 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत