1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus मरीजों का भारत में आंकड़ा 102 तक पहुंचा, 10 का हो चुका है इलाज, 2 की मौत

Coronavirus मरीजों का भारत में आंकड़ा 102 तक पहुंचा, 10 का हो चुका है इलाज, 2 की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 14, 2020 05:36 pm IST,  Updated : Mar 14, 2020 11:47 pm IST

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकारों ने अपने स्तर पर कदम उठाना शुरू कर दिए हैं और देश के ज्यादातर राज्यों ने 31 मार्च स्कूल-कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद करने का फैसला किया है।

Coronavirus cases in India till March 14th- India TV Hindi
Coronavirus cases in India till March 14th Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 102 तक पहुंच गया है, हालांकि इस आंकड़े में 10 लोग ऐसे हैं जिनका इलाज हो चुका है और उन्हें छुट्टी मिल चुकी है, आंकड़े में 2 ऐसे लोग भी शामिल हैं जिनकी कोरोना वायरस की वजह से मौत हुई है। शनिवार को दिल्ली में एक महिला की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है, इससे पहले एक व्यक्ति की मौत गुरुवार को कर्नाटक में हुई थी। शनिवार सुबह तक देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 83 थी लेकिन उत्तर प्रदेश में एक और मामला बढ़ने से संख्या अब 84 तक पहुंच गई । जिसके बाद महाराष्ट्र से भी कोरोना के कई मामले सामने आए और शनिवार देर रात तक देशभर में कोरोना वायरस के मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 102 पहुंच गया। 

देश में अभी तक के 102 कोरोना वायरस मामलों में से 10 का पूरी तरह ईलाज हो चुका है और उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। उत्तर प्रदेश में 5, केरल में 3 तथा दिल्ली और राजस्थान में 1-1 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। हालांकि दो लोगों की मौत भी हुई है जिनमें एक मामला दिल्ली और एक कर्नाटक का है। 

14 मार्च तक देश में कोरोना वायरस के कुल मामले

राज्य/केंद्र शासित प्रदेश कोरोना ग्रसित भारतीय  कोरोना ग्रसित विदेशी अस्पताल से छुट्टी मृत्यु
दिल्ली 7 0 1 1
हरियाणा 0 14 0 0
केरल 19 0 3 0
राजस्थान 1 2 1 0
तेलंगाना 1 0 0 0
उत्तर प्रदेश 11 1 5 0
लद्दाख 3 0 0 0
तमिलनाडु 1 0 0 0
जम्मू-कश्मीर 2 0 0 0
पंजाब 1 0 0 0
कर्नाटक 6 0 0 0
महाराष्ट्र 31 0 0 0
आंध्र प्रदेश 1 0 0 0
कुल 84 17 0 0

स्रोत: स्वास्थ्य मंत्रालय

इस बीच कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकारों ने अपने स्तर पर कदम उठाना शुरू कर दिए हैं और देश के ज्यादातर राज्यों ने 31 मार्च स्कूल-कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों को  बंद करने का फैसला किया है। कुछ राज्यों में सिनेमा घर, जिम, पब वगैरह भी बंद कर दिए गए हैं। ज्यादातर राज्यों ने अपने यहां पर सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। कर्नाटक ने तो कुछ समय के लिए शादी समारोह भी रोक दिए हैं। जनता को जागरूक करने के लिए राज्य और केंद्र सरकारों ने अभियान चलाया हुआ है। 

दुनियाभर में कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा 1.48 लाख को पार कर चुका है जिसमें से 5500 से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है। चीन में सबसे अधिक 80 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और वहीं पर सबसे अधिक 3189 लोगों की मौत भी हुई है। हालांकि चीन 65 हजार से ज्यादा लोग अब ठीक भी हो चुके हैं। चीन के बाद कोरोना वायरस की वजह से सबसे ज्यादा इटली में जनहानि हुई है। इटली में अभी तक 17660 मामले सामने आए हैं जिनमें से 1260 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। तीसरे नंबर पर  ईरान है जहां पर 12729 मामले सामने आए हैं और 611 लोगों की मौत हो चुकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत