1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोविड-19: मोहाली के जवाहरपुर गांव में दस नए मामले, कुल संख्या 32 हुई

कोविड-19: मोहाली के जवाहरपुर गांव में दस नए मामले, कुल संख्या 32 हुई

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 10, 2020 08:05 pm IST,  Updated : Apr 10, 2020 08:18 pm IST

पंजाब के मोहाली जिले के जवाहरपुर गांव में शुक्रवार को दस लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिससे इलाके में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 32 हो गई।

coronavirus- India TV Hindi
Representational Image Image Source : AP

चंडीगढ़. पंजाब के मोहाली जिले के जवाहरपुर गांव में शुक्रवार को दस लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिससे इलाके में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 32 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मोहाली के डेरा बस्सी में स्थित यह गांव राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण का केंद्र (हॉटस्पॉट) बन गया है। बृहस्पतिवार तक मामलों की संख्या 22 थी।

एक अधिकारी ने बताया कि नए मामलों के साथ ही मोहाली में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 48 हो गई है। पंजाब में कोविड-19 के मामले इसी जिले में सर्वाधिक हैं। मोहाली के उपायुक्त गिरिश डायलान ने कहा, ‘‘जवाहरपुर डेराबस्सी में दस और मामले-- गांव में 32 मामले हुए।’’

डीसी ने ट्वीट कर बताया, ‘‘व्यापक जांच से हमें गांव में संक्रमित मामलों का पता लगाने में सहूलियत हुई और उन्हें समय रहते पृथक कर दिया गया। उम्मीद है कि 2500 की आबादी वाले गांव में और इसके बाहर संक्रमण फैलने से रोका जा सकेगा।’’

जिला प्रशासन ने जवाहरपुर गांव के सभी प्रवेश बिंदुओं को पूरी तरह सील कर रखा है। अधिकारियों ने बताया कि गांव में कोरोना वायरस से संक्रमण का पहला मामला चार अप्रैल को सामने आया था।

पंजाब ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया

पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन (बंद) की अवधि को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया । ओडिशा के बाद ऐसा करने वाला पंजाब दूसरा राज्य है। लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय यहां पंजाब मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। विशेष मुख्य सचिव के बी एस सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘‘(मुख्यमंत्री) अमरिंदर सिंह की अगुवाई में मंत्रिमंडल ने पंजाब कर्फ्यू/लॉकडाउन को 30 अप्रैल 2020/एक मई,2020 तक बढ़ाने को मंजूरी दी। आज से 21 दिन का विस्तार।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत