1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: 24 घंटे में 51667 नए मामले, 96.66% हुई रिकवरी की दर

कोरोना वायरस: 24 घंटे में 51667 नए मामले, 96.66% हुई रिकवरी की दर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 25, 2021 09:43 am IST,  Updated : Jun 25, 2021 09:43 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 64527 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं और अबतक आए 3.01 करोड़ मामलों में से 2.91 करोड़ से ज्यादा पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में अब कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 96.66 प्रतिशत तक पहुंच गई है

पिछले 24 घंटों के दौरान...- India TV Hindi
पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 60.73 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की टीका लगाया गया है Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब कुछ हद तक शांत हैं लेकिन अभी भी रोजाना 50 हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए जा रहे हैं और साथ में मौतों का आंकड़ा भी चिंताजनक बना हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के 51667 नए मामले सामने आए हैं और कोरोना की वजह से 1329 लोगों की जान गई है। देश में अबतक कोरोना की वजह से 3.93 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 3.01 करोड़ से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। 

हालांकि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी देश में तेजी से बढ़ रही है, स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 64527 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं और अबतक आए 3.01 करोड़ मामलों में से 2.91 करोड़ से ज्यादा पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में अब कोरोना वायरस से रिकवरी की दर 96.66 प्रतिशत तक पहुंच गई है और फिलहाल 6.12 लाख ही एक्टिव मामले बचे हैं। 

कोरोना के मरीजों की पहचान के लिए देशभर में अभी भी भारी संख्या में टेस्टिंग की जा रही है, पिछले 24 घंटों के दौरान 17.35 लाख से ज्यादा लोगों के टेस्ट हुए हैं और उसमें 51667 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की दर 2.97 प्रतिशत रही है। 

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में वैक्सीन के टीकाकरण का अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वैक्सीन के 60.73 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए हैं और अबतक देश में 30.79 करोड़ लोगों को वैक्सीन का टीका लग चुका है। हालांकि अधिकतर को अभी तक  पहली डोज ही मिली है, स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अबतक देश में 25.37 करोड़ लोगों को वैक्सीन की पहली डोज मिली है और 5.43 करोड़ को दोनों डोज मिल चुकी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत