नई दिल्ली: दिल्ली में दिन पर दिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने शासन-प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा दी है। आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह चिंता का विषय है कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भरोसा जताया है कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोक पाने में कामयाबी मिलेगी। उन्होंने कहा-' मुझे विश्वास है कि हम दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार नियंत्रित करने में कामयाब होंगे।'
राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय का स्वागत करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा है ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण से शहर को छुटकारा मिले। ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है ।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं आश्वस्त हूं कि दिल्ली में संक्रमण को रोकने में हम कामयाब होंगे।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा है कि देश में महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए यह बहुत जरूरी है । केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाना जरूरी था। उन्होंने कहा , ‘‘अगर हम लॉकडाउन के नियमों का कड़ाई से पालन करेंगे तो मुझे पूरा भरोसा है कि हम कोरोना वायरस से छुटकारा पा लेंगे । ’’ केजरीवाल ने कहा कि वह हालात का जायजा लेने के लिए बुधवार को शहर में संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित कुछ क्षेत्रों में जाएंगे। (इनपुट-भाषा)