1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस: सभी घरेलू उड़ानों पर रोक, बसें और ट्रेन पहले से हैं बंद

कोरोना वायरस: सभी घरेलू उड़ानों पर रोक, बसें और ट्रेन पहले से हैं बंद

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 23, 2020 04:48 pm IST,  Updated : Mar 23, 2020 05:03 pm IST

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच अब सभी घरेलू उड़ानों के रोक दिया गया है। इससे पहले सभी इंटरनेशनल फ्लाइट पर रोक लगाई गई थी।

कोरोना वायरस के बढ़ते...- India TV Hindi
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच अब सभी घरेलू उड़ानों के रोक दिया गया है।

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच अब सभी घरेलू उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। यह रोक 24 मार्च की रात 11:59 मिनट से लागू होगी। सभी एयरलाइंस से कहा गया है वह अपनी उड़ानों को इस तरह से प्लान करें कि वह 24 मार्च की रात 11:59 से पहले-पहले अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं। हालांकि, यह प्रतिबंध कार्गो फ्लाइट्स पर लागू नहीं होगा। कार्गो फ्लाइट्स अपने समय से उड़ान भरती रहेंगी।

इससे पहले 22 मार्च से हफ्तेभर के लिए सभी विदेशी यात्री उड़ानों की भारत में एंट्री बंद कर दी थी। वहीं, कई राज्यों में बसें और ट्रेन भी पहले से बंद हैं। कई राज्यों में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की गई है। पीएम ने भी सभी से अपील की है कि आने वाले कुछ दिनों के लिए जो शख्स जहां है, वहीं रहे। 

बता दें कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, सोमवार तक देश में कोरोना वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या 415 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर भी पुष्ट मामलों की संख्या यही है। आईसीएमआर की रिपोर्ट के अनुसार, 23 मार्च, 2020 को सुबह 10 बजे तक 17,493 लोगों के 18,383 नमूनों का कोविद-19 परीक्षण किया गया।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 23 मरीज ठीक हो चुके हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, एक मरीज ने स्थान बदल लिया है और देश में अब तक कोरोनावायरस संक्रमण से 7 मौतें दर्ज की गई हैं। केरल और महाराष्ट्र, दोनों में 67 मामलों की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र में 67 में से 3 विदेशी हैं, वहीं कर्नाटक में 7 विदेशियों में कोविद-19 पॉजिटिव पाया गया है।

मध्य प्रदेश में 35 से अधिक जिलों में लॉकडाउन घोषित किया गया है। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के छह मामलों की पुष्टि हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिलों में लॉकडाउन की अवधि 72 घंटे से लेकर तीन अप्रैल तक है तथा अधिकांश जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन घोषित किया गया है।

देश की राजधानी में 29 में से 1 विदेशी कोरोना संक्रमित पाया गया। हरियाणा में 21 में से 14 विदेशियों का और उत्तर प्रदेश में कुल 28 मामलों में से एक विदेशी का परीक्षण पॉजिटिव पाया गया है। इसी बीच, राजस्थान में 27 पुष्ट मामलों में से दो कोरोनावायरस संक्रमित विदेशी हैं, इसी तरह तेलंगाना में ये संख्या कुल 26 में से 11 है।

इसके अलावा अब पश्चिम बंगाल में 7 मामले, उत्तराखंड में 3, लद्दाख में 13, जम्मू-कश्मीर में 4, चंडीगढ़ में 5, तमिलनाडु में 2 विदेशियों समेत 7, पंजाब में 21, पुडुचेरी में 1, ओडिशा में 2, मध्यप्रदेश में 6, हिमाचल में 2, गुजरात में 18, छत्तीसगढ़ में 1, बिहार में 2 और आंध्रप्रदेश में कोरोनो संक्रमण के 5 मामले पाए गए हैं। इस घातक वायरस से जिन सात लोगों की मौत हुई है, उनमें महाराष्ट्र के दो और पंजाब, बिहार, कर्नाटक, गुजरात और दिल्ली के एक-एक थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत