1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: केरल में 28 नए पॉजिटिव मामले, 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन की घोषणा

Coronavirus: केरल में 28 नए पॉजिटिव मामले, 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन की घोषणा

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 23, 2020 09:51 pm IST,  Updated : Mar 23, 2020 09:51 pm IST

केरल में सोमवार को कोरोना वायरस के 28 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा की। 

केरल में 28 नए पॉजिटिव मामले, 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन की घोषणा- India TV Hindi
केरल में 28 नए पॉजिटिव मामले, 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन की घोषणा Image Source : PTI

तिरुवनंतपुरम: केरल में सोमवार को कोरोना वायरस के 28 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा की। प्रदेश में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है। कोविड-19 समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने संवाददाताओं को बताया कि 28 मामलों में से 19 सबसे बुरी तरह प्रभावित कासरगोड जिले से सामने आए हैं जबकि कन्नूर से पांच, पथनमथिट्टा से एक, एर्नाकुलम से दो और त्रिशूर से एक मामला सामने आया है। 

राज्य में 64,300 लोग निगरानी में हैं जबकि 383 लोग विभिन्न अस्पतालों में पृथक रखे गए हैं। विजयन ने बताया कि आज संक्रिमत पाए गए 28 लोगों में से 25 दुबई से लौटे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आज से 31 मार्च तक लॉकडाउन का फैसला किया गया है। प्रदेश की सभी सीमावर्ती सड़कों को बंद किया जाएगा। केरल राज्य पथ परिवहन निगम की और निजी बसों को चलने की इजाजत नहीं होगी लेकिन निजी वाहनों पर रोक नहीं होगी। 

पेट्रोल पंप बंद नहीं होंगे और रसोई गैस का वितरण भी जारी रहेगा। पूर्व में संक्रमित मिले चार लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इनमें से तीन वुहान से आए चिकित्सा छात्र थे और एक व्यक्ति कन्नूर से है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत