नई दिल्ली. पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर रविवार शाम पूरे देश ने कोरोना वारियर्स के सम्मान में घंटियां और थालियां बजाई। दरअसल लोगों ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्च पर तैनात डॉक्टर्स और सुरक्षाकर्मी के लिए ठीक पांच बजे तालियां बजा कर उनका धन्यवाद किया। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ये धन्यवाद का नाद है।
उन्होंने कहा, "ये धन्यवाद का नाद है, लेकिन साथ ही एक लंबी लड़ाई में विजय की शुरुआत का भी नाद है। आइए, इसी संकल्प के साथ, इसी संयम के साथ एक लंबी लड़ाई के लिए अपने आप को बंधनों (Social Distancing) में बांध लें।" अगले ट्वीट में उन्होंने कहा, "कोरोना वायरस की लड़ाई का नेतृत्व करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को देश ने एक मन होकर धन्यवाद अर्पित किया। देशवासियों का बहुत-बहुत आभार..."