1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 24 घंटों में कोरोना के 3.86 लाख से ज्यादा मामले, 3498 लोगों की गई जान

24 घंटों में कोरोना के 3.86 लाख से ज्यादा मामले, 3498 लोगों की गई जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 30, 2021 09:37 am IST,  Updated : Apr 30, 2021 09:37 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 3.86 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 1.87 करोड़ को भी पार कर गया है।

24 घंटों में कोरोना के 3.86...- India TV Hindi
24 घंटों में कोरोना के 3.86 लाख से ज्यादा मामले, 3498 लोगों की गई जान Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण कम होने के बजाय लगातार बढ़ता ही जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 3.86 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा 1.87 करोड़ को भी पार कर गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कुल 386452 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं। अब देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 31.70 लाख के पार हो गया है।

कोरोना के नए मामले बढ़ने के साथ देश में कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 3498 लोगों की जान गई है। अबतक यह वायरस देश में कुल 208330 लोगों की जान ले चुका है। महाराष्ट्र, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। हालांकि कोरोना के मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 19.20 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए हैं और इसमें 3.86 लाख लोग पॉजिटिव निकले हैं, यानि देश में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट पिछले 24 घंटों के दौरान 20 प्रतिशत दर्ज किया गया है। गुरुवार को जो आंकड़े जारी हुए थे उनमें 24 घंटों का पॉजिटिविटी रेट 21 प्रतिशत के ऊपर था।

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में देश में वैक्सीन का टीकाकरण भी जारी है, हालांकि पिछले कुछ दिनों के दौरान इसकी रफ्तार थीमी पड़ी है। पहली मई से देशभर में 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन मिलना शुरू हो जाएगा और इसके लिए देशभर में करोड़ों लोग रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। मौजूदा टीकाकरण की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 22.24 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है और अबतक 15.22 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत