1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लगातार छठे दिन कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में आई कमी, लेकिन कुल केस 57 लाख के ऊपर

लगातार छठे दिन कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में आई कमी, लेकिन कुल केस 57 लाख के ऊपर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 24, 2020 09:29 am IST,  Updated : Sep 24, 2020 09:29 am IST

पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 87374 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं। अबतक देशभर में कुल 4674987 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 81.55 प्रतिशत हो गया है

Coronavirus testing in India surpasses 67 millions- India TV Hindi
Coronavirus testing in India surpasses 67 millions Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की स्थिति में हल्का सुधार होता नजर आ रहा है, कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है। लेकिन अभी भी जिस रफ्तार से नए कोरोना केस आ रहे हैं वह चिंता का कारण बना हुआ है, हालांकि नए केस आने के मुकाबले ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ चुकी है। लेकिन कोरोना की वजह से हो रही मौतों के आंकड़े में अभी तक बहुत ज्यादा कमी नहीं है जो ज्यादा चिंता का कारण है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि बुधवार सुबह 8 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 86508 नए मामले सामने आए हैं और कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 57,32,518 तक पहुंच गया है।

हालांकि कोरोना के नए मामले जिस संख्या में आ रहे हैं उससे ज्यादा लोग अब रोजाना ठीक हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 87374 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं। अबतक देशभर में कुल 4674987 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 81.55 प्रतिशत हो गया है।

कोरोना को लेकर ज्यादा राहत की बात ये है कि देश में इसके एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है। आज जो आंकड़े सामने आऐ हैं उनमें लगातार छठे दिन एक्टिव मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। देश में अब कोरोना के कुल एक्टिव मामले 966382 हैं।

लेकिन सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1129 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 91149 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, बुधवार को देशभर में 11.56 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 6.74 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।   

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 3.20 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 9.81 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 2.36 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 71.39 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 2.06 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 46.27 लाख मामले सामने आए हैं और 1.39 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। रूस में भी 11.22 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 19 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत