1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus Strain की खबरों के बीच देश में लगातार घट रहे हैं एक्टिव केस, 24 घंटे में 23950 मामले आए

Coronavirus Strain की खबरों के बीच देश में लगातार घट रहे हैं एक्टिव केस, 24 घंटे में 23950 मामले आए

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 23, 2020 09:31 am IST,  Updated : Dec 23, 2020 09:31 am IST

24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 23950 नए मामले आए हैं और कुल मामलों का आंकड़ा 1,00,99,066 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में 95.68 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

देश में कोरोना वायरस...- India TV Hindi
देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है Image Source : PTI

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस के नए रूप Coronavirus Strain की खबरों के बीच भारत में कोरोना के नए मामलों में लगातार कमी आ रही है और साथ में कोरोना के एक्टिव केस भी लगातार घट रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 3278 की कमी आई है और अब देश में कुल कोरोना मामले घटकर सिर्फ 289240 रह गए हैं जो देश के कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 2.86 प्रतिशत है।

देश में कोरोना के नए मामले कम संख्या में आने और करोना से लोगों के ठीक होने की संख्या अधिक होने की वजह से एक्टिव मामलों में कमी देखी जा रही है। 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 23950 नए मामले आए हैं और कुल मामलों का आंकड़ा 1,00,99,066 तक पहुंच गया है। हालांकि इस आंकड़े में 95.68 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना से 26895 लोग ठीक हुए हैं।

हालांकि कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा अभी उतना कम नहीं हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 333 लोगों की जान गई है और अबतक कोरोना की वजह से देश में कुल 146444 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए सरकार की तरफ से टेस्टिंग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। देशभर में रोजाना भारी संख्या में कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार मंगलवार को देशभर में 10.98 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 16.42 करोड़ को पार कर गया है।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 7.83 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 17.23 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 5.51 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 1.86 करोड़ से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 3.30 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भारत का स्थान है और भारत के बाद तीसरे नंबर पर ब्राजील है जहां पर 73.20 लाख मामले सामने आए हैं और 1.88 लाख से ज्यादा लोगों की जान गई है। चौथे नंबर पर रूस है जहां पर 29.06 लाख कोरोना मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 51 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। पांचवें नंबर पर फ्रांस है जहां पर 24.90 लाख मामले आ चुके हैं और 61 हजार से ज्यादा की जान गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत