1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2110 नए मामले, 66 लोगों की मौत

ओडिशा में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2110 नए मामले, 66 लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 15, 2021 04:14 pm IST,  Updated : Jul 15, 2021 04:14 pm IST

ओडिशा में गुरुवार को 2,110 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,47,859 पर पहुंच गई।

Coronavirus Updates, Coronavirus Odisha Updates, Odisha Coronavirus- India TV Hindi
ओडिशा में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,110 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : PTI

भुवनेश्वर: ओडिशा में गुरुवार को 2,110 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,47,859 पर पहुंच गई। वहीं, इसी दौरान 66 और लोगों के जान गंवाने के चलते मृतकों की संख्या बढ़कर 4,861 पर हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 2,110 नए मामलों में से 1,213 पृथक केंद्रों से सामने आए और बाकी के संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के दौरान सामने आए। 5 जिलों में से प्रत्येक में 100 से अधिक नए मामले आए। खुर्दा जिले में सबसे अधिक 458 मामले आए। राज्य की राजधानी भुवनेश्वर इसी जिले के तहत आती है।

कटक में सामने आए कोरोना के 323 नए मामले

खुर्दा के बाद कटक में 323, बालासोर में 168, केंद्रपाड़ा में 132 और पुरी में 113 मामले आए। नुआपाड़ा जिले में सबसे कम दो नए मामले आए। ओडिशा में 11 जुलाई के बाद से एक दिन में 60 से अधिक लोगों की मौत हुई। खुर्दा में सबसे अधिक 21, बारगढ़ और सुंदरगढ़ में 10-10, बालासोर में 8, संबलपुर में 7 और भद्रक तथा मयूरभंज में 2-2 लोगों की मौत हुई। बलांगिर, कटक, गंजम, जगतसिंहपुर, कालाहांडी और पुरी में एक-एक व्यक्ति ने जान गंवाई। स्वास्थ्य विभाग ने ट्वीट किया, ‘यह मृत्यु सूची किसी एक दिन हुई मौतों को नहीं दर्शाती। यह पिछले कुछ वक्त में हुई मौतों की जानकारी है जिसके लिए जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और मौत की वजह कोविड-19 पाई गई है।’

अब तक 1.48 करोड़ से अधिक सैंपल्स की जांच
ओडिशा में अभी कोरोना वायरस संक्रमित 22,299 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि बुधवार तक 9,20,646 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। राज्य में अभी तक कोविड-19 के लिए 1.48 करोड़ से अधिक सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग में सूत्रों ने बताया कि केंद्र ओडिशा को जुलाई के दूसरे पखवाड़े के लिए कोविशील्ड के 15.92 लाख टीके और कोवैक्सीन के 1.48 लाख टीके आवंटित करने पर सहमत हो गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार तक राज्य के पास कोविशील्ड के 2,62,060 और कोवैक्सीन के 2,32,560 टीके उपलब्ध थे। ओडिशा में अब तक 1.36 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।