1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर में एक दिन में आए अब तक के सबसे ज्यादा कोरोना के मामले, 1 मरीज की मौत

जम्मू-कश्मीर में एक दिन में आए अब तक के सबसे ज्यादा कोरोना के मामले, 1 मरीज की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 30, 2021 10:30 pm IST,  Updated : Mar 30, 2021 10:30 pm IST

जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस मामलों में वृद्धि लगातार जारी है। यहां मंगलवार को महामारी के बाद से एक ही दिन में सबसे अधिक 359 कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। केंद्र शासित प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या 2,200 को पार कर गई है।

COVID: J-K records 359 new cases, one more death- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस मामलों में वृद्धि लगातार जारी है। Image Source : PTI

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस मामलों में वृद्धि लगातार जारी है। यहां मंगलवार को महामारी के बाद से एक ही दिन में सबसे अधिक 359 कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। केंद्र शासित प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या 2,200 को पार कर गई है। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान 359 नए मामले सामने आने के अलावा संक्रमण की वजह से एक मौत भी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नए मामलों में 93 जम्मू संभाग से और 266 कश्मीर संभाग से हैं, जबकि 175 रोगियों को विभिन्न अस्पतालों से ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में अब तक 130,587 लोग कोरोनो वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 126,304 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,990 लोगों ने खतरनाक संक्रमण की वजह से दम तोड़ दिया है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या फिलहाल 2,293 है, जिनमें से 615 जम्मू संभाग से और 1,678 कश्मीर संभाग से हैं।

बता दें कि भारत में गत 24 घंटे में 56,211 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में अब तक कोविड-19 की जद में आए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,20,95,855 हो गई है। इस अवधि में 271 और मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है जिससे देश में महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,62,114 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि लगातार 20वें दिन भी संक्रमित लोगों की संख्या में वृद्धि की वजह से देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5,40,720 हो गई है जो कुल मामलों का 4.47 प्रतिशत है।

वहीं, मरीजों के ठीक होने की दर और गिरकर 94.19 प्रतिशत रह गई है। आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 1,13,93,021 हो गई है, जबकि देश में कोविड-19 से मृत्युदर 1.34 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख के पार चले गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। वैश्विक महामारी से संक्रमण के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ की संख्या पार कर गए थे। 

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक 29 मार्च तक कुल 24,26,50,025 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 7,85,864 नमूनों की जांच गत सोमवार को की गई। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले 24 घंटे में मामलों में कुछ कमी सोमवार को होली के दिन जांच में कमी के कारण से हो सकती है। आईसीएमआर के अनुसार रविवार को 9,13,319 नमूनों की जांच की गई थी। मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में जिन 271 मरीजों की मौत हुई है, उनमें महाराष्ट्र से 102, पंजाब से 59, छत्तीसगढ़ के 20 ,कर्नाटक के 16 ,तमिलनाडु के 14 और केरल के 11 मरीज शामिल हैं।

आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कोविड-19 से 1,62,114 मरीजों की जान गई है जिनमें महाराष्ट्र के 54,283, तमिलनाडु के 12,684, कर्नाटक के 12,520, दिल्ली के 11,012, पश्चिम बंगाल के 10,325, उत्तर प्रदेश के 8,790, आंध्र प्रदेश के 7,210 और पंजाब के 6,749 लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि मौत के 70 प्रतिशत मामले उन लोगों से जुड़े हैं जो पहले से किसी और बीमारी से पीड़ित थे। मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम अपने आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों से मिलान कर रहे हैं।’’

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत