1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CRPF को मिले सबसे ज्यादा 75 वीरता पदक, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को हुआ ऐलान

CRPF को मिले सबसे ज्यादा 75 वीरता पदक, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को हुआ ऐलान

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 14, 2019 10:30 pm IST,  Updated : Aug 14, 2019 10:30 pm IST

देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल CRPF को आतंकवाद और नक्सल रोधी अभियानों के लिए एक कीर्ति चक्र और दो शौर्य चक्रों सहित सर्वाधिक 75 वीरता पदक मिले हैं।

CRPF personnel stand guard on Jammu-Srinagar national...- India TV Hindi
CRPF personnel stand guard on Jammu-Srinagar national highway on the eve of 73rd Independence Day celebrations, in Jammu. Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल CRPF को आतंकवाद और नक्सल रोधी अभियानों के लिए एक कीर्ति चक्र और दो शौर्य चक्रों सहित सर्वाधिक 75 वीरता पदक मिले हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इन पुरस्कारों की घोषणा की गई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के डिप्टी कमांडेंट से अब सेकंड इन कमांड रैंक अधिकारी के रूप में पदोन्नत हुए हर्षपाल सिंह और उनके साथी कांस्टेबल जाकिर हुसैन को सैन्य पदक से नवाजा जाएगा। उन्हें यह पुरस्कार पिछले साल सितंबर में जम्मू में जैश-ए-मोहम्मद के तीन खूंखार आतंकवादियों को मार गिराने के लिए मिला है। 

प्रशस्ति पत्र में कहा गया है, ‘‘इन दोनों वीरों को आतंकवादियों की ओर से दागी गईं गोलियां और ग्रेनेडों के छर्रे लगे, लेकिन ये दोनों एक मकान के पीछे छिपे तीनों आतंकवादियों को मार गिराने तक मुठभेड़ स्थल पर डटे रहे।’’ सिंह को शांतिकाल में दिया जाने वाला दूसरा सर्वोच्च पदक कीर्ति चक्र मिला है, जबकि हुसैन को शौर्य चक्र मिला है। बल की 53वीं बटालियन के कांस्टेबल सेबल ध्यानेश्वर श्रीराम को कश्मीर घाटी के बारामूला जिले में पिछले साल 19 अक्टूबर को जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को मार गिराने के लिए शौर्य चक्र दिया गया है। 

CRPF के प्रवक्ता और उपमहानिरीक्षक (खुफिया) एम दिनाकरण ने पुरस्कार पाने वाले कर्मियों के बारे में कहा कि इन लोगों ने जम्मू-कश्मीर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उन पर बहुत गर्व है।’’ बल के सहायक कमांडेंट एल इबोमचा सिंह और कांस्टेबल मोहम्मद मजाहिद खान (मरणोपरांत) को राष्ट्रपति के पुलिस पदक से नवाजा गया है। इन दोनों ने श्रीनगर के करन नगर सेक्टर में लश्कर-ए-तैयबा के दो आंतकवादियों को ढेर कर दिया था। 

बता दें कि CRPF इस बार सेना पदक हासिल करने वाला एकमात्र केंद्रीय सशस्त्र बल है। सरकार द्वारा बुधवार को घोषित 180 वीरता पदकों में से CRPF को 72 पुलिस वीरता पदक मिले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत