नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर के सांबा जिले की विजयपुर तहसील के राया मोड़ इलाके में बृहस्पतिवार शाम गो हत्या पर जमकर बवाल हुआ। सैकड़ों लोग जम्मू-पठानकोट हाईवे पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति काबू से बाहर होने के बाद सेना को बुलाया गया है।
बृहस्पतिवार शाम को जिला मजिस्ट्रेट शीतल नंदा की गाड़ी को भी विजयपुर के पास नेशनल हाइवे पर जला दिया गया।
मौके पर पहुंचे जम्मू-कठुआ रेंज के डीआइजी अशकूर वानी, डिप्टी कमिश्नर सांबा शीतल नंदा व एसडीएम विजयपुर रजनीश ने स्थिति को देखते हुए सांबा में कर्फ्यू घोषित कर सीआरपीएफ व सेना को बुला लिया।
इसके बाद पुलिस ने सीआरपीएफ की मदद से प्रदर्शन कर रहे लोगों को हाईवे से खदेड़ दिया, लेकिन लोग साथ लगे राया मार्ग पर देर रात डटे रहे और उन्होंने वहां पर प्रदर्शन जारी रखा। इस बीच, सेना ने फ्लैग मार्च कर हाईवे पर फंसे वाहनों को अपने गंतव्य की ओर रवाना किया।
विवाद राया के करीब नाले में एक गाय जैसे पशु का सिर मिलने के बाद हुआ। घटना की जानकारी फैलने पर कुछ युवक इकट्ठे हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने वहां से गुजर रहे ट्रकों पर पत्थर फेंके।
जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने लगी। इस पर प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाइवे से गुजर रहे वाहनों को आग लगा दी और हिंसा अन्य क्षेत्रों में भी फैल गई। पुलिस ने सांबा और जम्मू के बीच यातायात रोक दिया है।