1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार बृहस्पतिवार को, दुष्यंत चौटाला को11 विभागों की जिम्मेदारी

हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार बृहस्पतिवार को, दुष्यंत चौटाला को11 विभागों की जिम्मेदारी

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 13, 2019 11:12 pm IST,  Updated : Nov 14, 2019 12:03 am IST

मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल के पहले विस्तार से एक दिन पहले बुधवार को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को 11 विभाग आवंटित किए गए है।

Dushyant Chutala and Manohar lal Khattar- India TV Hindi
Dushyant Chutala and Manohar lal Khattar

चंडीगढ़: मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल के पहले विस्तार से एक दिन पहले बुधवार को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को 11 विभाग आवंटित किए गए है। खट्टर (65) ने 27 अक्टूबर को दूसरे कार्यकाल के लिए राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी जबकि जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मौजूदा मंत्रिमंडल में केवल यही दो सदस्य हैं। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री की सलाह पर राज्यपाल ने विभाग आवंटित किये। हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव हुए थे और परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किये गये। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 40 सीटें मिली थी जबकि जजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 

कांग्रेस ने 31 सीटों पर विजय हासिल की थी जबकि इनेलो और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक-एक सीट मिली थी। भाजपा ने राज्य में जजपा की मदद से सरकार बनाई थी। सात निर्दलीय भी सरकार का समर्थन कर रहे है। आदेश में कहा गया है कि आबकारी और कराधान, विकास तथा पंचायत, उद्योग एवं वाणिज्य, और खाद्य तथा नागरिक आपूर्ति विभाग समेत चौटाला को 11 विभाग आवंटित किये गये। इसमें कहा गया है कि अन्य विभाग जो दुष्यंत के पास रहेंगे उनमें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सार्वजनिक कार्य, श्रम और रोजगार, नागरिक उड्डयन, पुरातत्व एवं संग्रहालय, और पुनर्वास तथा समेकन विभाग शामिल हैं। 

फिलहाल मुख्यमंत्री खट्टर, चौटाला को आवंटित किये गये विभागों के अलावा सभी विभागों को संभालेंगे। बृहस्पतिवार को मंत्रिमंडल विस्तार के समय खट्टर द्वारा अपने पास रखे गये कुछ विभागों का नये मंत्रियों के बीच बंटवारा किया जायेगा। हरियाणा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत 14 सदस्य हो सकते हैं। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया, ‘‘हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य बृहस्पतिवार को हरियाणा राजभवन में राज्य के मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।’’ 

सूत्रों ने बताया कि जजपा को दो मंत्री पद मिलने की संभावना है। एक या दो निर्दलीय विधायकों को भी मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है। भाजपा के छह मंत्री हो सकते है। दुष्यंत चौटाला ने यहां मंगलवार को मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की थी। चौटाला ने खट्टर के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से कहा था कि मुख्यमंत्री के साथ विभागों के आवंटन पर भी चर्चा हुई। भाजपा की ओर से छह बार के विधायक अनिल विज, कुंवर पाल, सीमा त्रिखा, महिपाल ढांडा , दीपक मंगला, घनश्याम सराफ, बनवारी लाल और कमल गुप्ता मंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं। जजपा की ओर से राम कुमार गौतम, ईश्वर सिंह या अनूप धानक मंत्री बनाये जा सकते है। निर्दलीय विधायकों रणजीत सिंह चौटाला और बलराज कुंडू को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत