1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 47.7 लाख लोगों के नाम हटाए गए, सामने आया पूरा आंकड़ा

दिल्ली में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 47.7 लाख लोगों के नाम हटाए गए, सामने आया पूरा आंकड़ा

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 31, 2026 12:43 pm IST,  Updated : Aug 31, 2026 01:28 pm IST

दिल्ली में SIR के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 47.7 लाख लोगों के नाम हटाए गए हैं। जिनके नाम हटाए गए हैं वे दावों और आपत्तियों को दर्ज करा सकते हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला।

delhi sir voters name removed- India TV Hindi
दिल्ली में SIR के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

चुनाव आयोग की ओर से देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया को पूरा करवाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि SIR का मकसद देश में किसी भी पात्र वोटर को न छोड़ना और किसी भी अयोग्य वोटर को मतदाता सूची से बाहर करना है। इसी क्रम में चुनाव आयोग ने दिल्ली में भी SIR की प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। सामने आई जानकारी के अनुसार, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 47.7 लाख लोगों के नाम हटा दिए गए हैं।

47.7 लाख लोगों के नाम हटाए गए

दिल्ली के चीफ इलेक्शन ऑफिसर के कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई है कि SIR की प्रक्रिया के तहत दिल्ली में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया में दिल्ली के 1.45 करोड़ वोटरों में से 47.7 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में लगभग 97.5 लाख वोटर शामिल हैं।

30 सितंबर तक दर्ज कराए आपत्ति

दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा है कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं आए हैं, वे आगामी 30 सितंबर तक फ़ॉर्म 6 और जरूरी दस्तावेजों के ज़रिए अपने दावे पेश कर सकते हैं। चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए अपडेटेड शेड्यूल के मुताबिक, पेश किए गए दावों और आपत्तियों की जांच की जाएगी और नोटिस व निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक जारी रहेगी। बताया गया है कि दिल्ली में SIR के तहत फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर की तारीख को जारी कर दी जाएगी। आपको बता दें कि इससे पहले चुनाव आयोग ने झारखंड में SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की थी जिसमें 43 लाख से ज्यादा वोटर्स के नाम हटाए गए थे।

किस आधार पर हटाए गए नाम?

चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में SIR की प्रक्रिया के दौरान घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म, वोटरों की जानकारी जुटाने और इन्हें डिजिटाइज करने की प्रक्रिया 30 जून को शुरू हुई और 17 अगस्त को खत्म हुई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान दिल्ली के कुल 1,45,10,299 वोटरों में से लगभग 67.18 प्रतिशत के फॉर्म डिजिटाइज किए गए। बाकी बचे 47.7 लाख वोटरों को 'अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लिकेट और अन्य' (ASDDO) कैटेगरी में 'जानकारी न मिल पाने वाले' (uncollectable) के तौर पर रखा गया है। इन वोटरों को ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं किया गया हैं। (इनपुट: PTI)

ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस का बड़ा कदम: D4C में बम धमकी ईमेल और महिला-बाल साइबर अपराध के लिए विशेष यूनिट्स गठित

पासपोर्ट बनवाते समय दिल्ली के पूर्व ACP ने छिपाई जानकारी, 13 साल बाद फंस गए, कोर्ट ने जारी किया आरोप तय करने का आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।