नई दिल्ली: शहर के एक प्रख्यात मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल के दो कर्मचारियों सहित पांच व्यक्तियों की किडनी रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली सरकार ने आज सभी अस्पतालों को आदेश जारी किया कि कोई भी अगर मानव अंगों का कारोबार करते पाया गया तो उसके खिलाफ अत्यंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में मानव अंगों का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को आदेश जारी किया है कि इस तरह की अस्वीकार्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर वह अत्यंत कड़ी कार्रवाई करेगी।
बता दें कि पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही दिल्ली में संचालित किये जा रहे एक किडनी व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के एक प्रमुख निजी अस्पताल से इन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में गिरोह की मौजूदगी के बारे में पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी।
साउथ ईस्ट दिल्ली के सरिता विहार स्थित अपोलो हॉस्पिटल में किडनी रेकेट के मामले में खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है।