नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने ट्रांसमिशन सिस्टम को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नई आधारभूत परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक शहर में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 220 केवी और 400 केवी की कुछ लाइनों और सब-स्टेशनों को बनाने की योजना बनाई है।
उन्होंने बताया कि राजधानी में बिजली की मांग बढ़ रही है और लगातार बढ़ती जा रही बिजली की मांग को पूरा करना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है।
अधिकारी ने बताया, इस गर्मी में बिजली की मांग 6,000 मेगावाट को पार कर सकती है। इस वजह से ट्रांसमिशन संरचनाओं को उन्नत बनाने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि द्वारका, कर्मपुरा, तुगलकाबाद और राजघाट में नये सब-स्टेशन बनाने की भी योजना है।