नई दिल्ली: पश्चिम दिल्ली में अपनी जान देने के इरादे से एक होटल की छत पर चले गए 31 वर्षीय एक व्यक्ति को 17 घंटे तक समझाने के बाद अंतत: ऐसा नहीं करने के लिए राजी किया गया। उसे समझाने का काम पूरी रात चलता रहा। बता दें कि संदीप के टिक-टॉक पर 50 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
Related Stories
पुलिस ने बताया कि हरिनगर में संदीप उर्फ अरमान मलिक पहले एक होटल के छठे तल पर गया। फिर वह वह उसकी छत पर चला गया और उसने खुदकुशी कर लेने की धमकी दी। बीवी से उसका झगड़ा हुआ था।
अग्निशमन विभाग के अनुसार उसे रविवार को शाम चार बजे इस घटना के बारे में कॉल आया। उसके बाद उसकी तीन गाड़ियां सीढ़ी लेकर वहां पहुंची। वहां अग्निशमन विभाग, पुलिस और कैट एंबुलेंस ने उस व्यक्ति को सारी रात उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
अग्निशमन अधिकारी के अनुसार अंतत: सोमवार सुबह करीब पौने नौ बजे वह नीचे उतरा। पुलिस के अनुसार संदीप रविवार को अपनी पत्नी कृतिका बसेरा के साथ डेढ़ बजे होटल में गया था। वह उसकी दूसरी पत्नी है। दोनों की सालभर पहले इसी होटल में शादी हुई थी। दोनों अहमदाबाद से यहां आए थे।
पुलिस के मुताबिक संदीप निहाल विहार थाने में दर्ज एक मामले में कथित रूप से आरोपी है। उसके सुरक्षित उतर जाने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।